Jaipur Flight News: दीपावली पर घर लौटना इस बार हवाई यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रहा है। बता दें कि 6 नवंबर को मुंबई से जयपुर आने के लिए यात्रियों को करीब 24 हजार रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं, हैं, जबकि जयपुर से मुंबई जाने का किराया करीब 8 हजार रुपए है। यानी यात्रा की दिशा बदलते ही किराए में करीब तीन गुना तक अंतर है। अहमदाबाद, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु और चेन्नई से जयपुर आने वाले यात्रियों को भी इसी तरह महंगा टिकट लेना पड़ रहा है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग के कारण फ्लाइट का विकल्प तलाश रहे लोगों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। खासकर दूसरे शहरों में नौकरी, कारोबार या पढ़ाई करने वाले जयपुर के लोगों के लिए त्योहार पर घर लौटना महंगा साबित हो रहा है।
कई शहरों से फ्लाइट टिकट के दाम दोगुने से ज्यादा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 6 नवंबर को मुंबई से जयपुर के लिए 13 फ्लाइट विकल्प होने के बावजूद किराया 16,729 से 24,185 तक है। इसके उलट जयपुर से मुंबई जाने का किराया 7,926 से 8,389 के बीच है। अहमदाबाद से जयपुर आने का टिकट 18,499 है, जबकि जयपुर से अहमदाबाद जाने का किराया 6,874 है। हैदराबाद से जयपुर आने के लिए 13,678 से 20,450 तक देने पड़ रहे हैं, जबकि वापसी का किराया 9,475 है।
यह भी पढ़ें- Diwali Power Supply: अजमेर में दिवाली पर बिजली सप्लाई को लेकर डिस्कॉम अलर्ट, 7 से 10 नवंबर तक तैनात रहेगी विशेष टीम
घर लौटने की राह हुई महंगी
पुणे से जयपुर का किराया 14,386 से 16,709 और बेंगलूरु से 15,222 से 16,894 तक है। इसके मुकाबले जयपुर से पुणे 7,828 और बेंगलूरु 8,115 से 9,801 में टिकट मिल रहा है। चेन्नई से जयपुर आने का किराया 21,099 है, जबकि जयपुर से चेन्नई का टिकट 12,399 है। दिल्ली से जयपुर के बीच ट्रेन और बस के ज्यादा विकल्प होने से हवाई किराए में बढ़ोतरी अपेक्षाकृत सीमित है। कोलकाता और गोवा से जयपुर आने का किराया भी करीब 9 से 10 हजार रुपार है।