Rajasthan Crime News: जयपुर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बिजनेसमैन की हत्या कर दी गई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आज यानी सोमवार सुबह सड़क किनारे खड़ी कार में बिजनेसमैन का शव मिला है। बताया जा रहा है कि वह पिछले 2 दिनों से लापता थे और परिजनों ने शिवदासपुरा थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवाई थी।

2 करोड़ रुपए उधार लिए थे

वहीं बिजनेसमैन के भाई प्रहलाद ने कहा कि हरिशंकर उम्र 40 साल की हत्या उनके दोस्त सीताराम खोज ने की है। सीताराम ने हरिशंकर से बिल्डिंग मटेरियल और अन्य सामान के लिए 2 करोड़ रुपए उधार लिए थे। रुपए लौटाने के बदले सीताराम ने एक प्लॉट का सौदा करने की बात कही थी। वहीं हरिशंकर पिछले काफी समय से सीताराम से अपने 2 करोड़ रुपए मांग रहे थे। शनिवार शाम (13 जून) को पैसों के विवाद के चलते सीताराम ने हरिशंकर की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को भूसे वाले कमरे में छुपा दिया।

इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने एक परिचित से कार मांगकर लाया। रविवार सुबह जब वह शव को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था, तभी कुछ लोगों ने उसे देख लिया। इसके बाद वह गाड़ी छोड़कर भाग गया। इसके साथ ही प्रहलाद शर्मा ने बताया कि घर से करीब 100 मीटर दूरी पर कार की पिछली सीट पर भाई हरिशंकर की लाश मिली। पूरे शरीर पर गंभीर चोट के निशान है। लाश को पन्नी और बोरे में बांध रखा था। पुलिस की सूचना पर महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचे तो हत्या का पता चला।

लाश को पन्नी और बोरे में बांधकर रखा

वहीं चाकसू एसीपी भवानी सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान हरिशंकर शर्मा निवासी विधानी, शिवदासपुरा के रूप में हुई है। वह बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का बिजनेस करते थे। शनिवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन लौटे नहीं। शाम करीब 7 बजे से उनका मोबाइल बंद आने पर परिजनों ने काफी ढूंढा, लेकिन पता नहीं चल सका। रविवार को दोपहर में परिजनों ने शिवदासपुरा थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।