Rajasthan Education News: जयपुर में 1000 बेटियां ऐसा अनुभव हासिल करने जा रही हैं, जिसमें पढ़ाई के साथ आत्मविश्वास, संस्कार और व्यक्तित्व विकास पर जोर रहेगा। आपको बता दें कि इसमें खास बात यह है कि शिविर में शामिल हर बालिका को 10 हजार रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस तरह बालिका शिक्षा के लिए कुल एक करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। नचिकेता गुरुकुल की ओर से कंसल्टिंग इंजीनियर्स ग्रुप लिमिटेड (सीईजी), प्रीमियम पेट्रो एंड इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स एवं मालानी इम्पेक्स के तत्वावधान में पांच दिवसीय बालिका आवासीय प्रतिभा विकास शिविर शुक्रवार से मानसरोवर स्थित आदर्श विद्या मंदिर किरण पथ न्यू सांगानेर रोड पर शुरू होगा। 3 नवंबर तक चलने वाले इस शिविर में राजस्थान के सातों संभागों से चयनित 1000 छात्राएं भाग लेंगी।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मानसरोवर आदर्श विद्या मंदिर स्कूल के परिसर में 40 टेंट से अस्थाई कमरें बनाए गए हैं, इनमें प्रति टेंट में 40 छात्राएं रहेगी। दिन में प्रतियोगिताएं व कक्षाएं लगेगी। वहीं, मुख्य संरक्षक डॉ. विश्वास जैन ने बताया कि पिछले वर्ष शिविर में 600 बालिकाओं ने भाग लिया था। इस बार संख्या बढ़कर 1000 हो गई है। सीईजी की ओर से प्रत्येक बालिका को 10 हजार रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस तरह कुल एक करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। आगामी वर्षों में शिविर से 5 हजार बालिकाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
बता दें कि शिविर में शामिल होने के लिए बालिकाओं का चयन निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया है। इसके लिए राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है। बालिका वर्तमान में कक्षा 9वीं से स्नात्तक द्वितीय वर्ष में पढ़ रही हो और पिछली कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। प्रारंभिक पात्रता पूरी करने वाली छात्राओं की लिखित परीक्षा ली गई। इसके बाद परीक्षा में सफल बालिकाओं के परिवार की आर्थिक स्थिति का आकलन और भौतिक सत्यापन किया गया। इन चरणों के बाद अंतिम चयन हुआ। ये छात्राएं प्रदेश के सातों संभागों से शामिल होगी।