Indian Railways Update: कोटा मंडल की यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। आगरा मंडल के मथुरा और भूतेश्वर स्टेशनों पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते 9 से 11 अक्टूबर तक तीन ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। आपको बता दें कि इनमें दो पैसेंजर ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया गया है, जबकि हजरत निजामुद्दीन-इंदौर स्पेशल ट्रेन 10 अक्टूबर को बदले मार्ग से संचालित होगी। इसके चलते यह ट्रेन मथुरा और भरतपुर स्टेशन नहीं जाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 54794 मथुरा-सवाई माधोपुर पैसेंजर 9 और 10 अक्टूबर को तथा गाड़ी संख्या 54793 सवाई माधोपुर-मथुरा पैसेंजर 10 और 11 अक्टूबर को रद्द रहेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 09310 हजरत निजामुद्दीन-इंदौर स्पेशल 10 अक्टूबर को निर्धारित मार्ग के बजाय हजरत निजामुद्दीन-गाजियाबाद-मितावली-आगरा फोर्ट-बयाना होकर चलेगी। इस बदलाव के कारण ट्रेन का मथुरा और भरतपुर में ठहराव नहीं होगा। वहीं, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान बढ़ने वाले यात्री भार को देखते हुए रेलवे ने कोलकाता-प्रतापनगर-कोलकाता के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन दोनों दिशाओं में 7-7 फेरे लगाएगी। कोटा मंडल में इसके गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा और रामगंज मंडी स्टेशनों पर ठहराव होंगे।
गाड़ी संख्या 03109 कोलकाता-प्रतापनगर स्पेशल 13, 20, 27 अक्टूबर तथा 3, 10, 17 और 24 नवंबर को कोलकाता से सुबह 8 बजे रवाना होगी। अगले दिन यह गंगापुर सिटी 10:10 बजे, सवाई माधोपुर 11 बजे, कोटा 12:30 बजे और रामगंज मंडी 1:35 बजे पहुंचेगी। ट्रेन 23:40 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03110 प्रतापनगर-कोलकाता स्पेशल 15, 22, 29 अक्टूबर तथा 5, 12, 19 और 26 नवंबर को प्रतापनगर से शाम 4:15 बजे रवाना होगी। यह रामगंज मंडी 23:55 बजे, अगले दिन कोटा 1:25 बजे, सवाई माधोपुर 3:18 बजे और गंगापुर सिटी 4:25 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन 12:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। ट्रेन दोनों दिशाओं में बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, गया, सासाराम, प्रयागराज, गोविंदपुरी, टूंडला, ईदगाह, रतलाम, गोधरा और वडोदरा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।