Cyber Fraud Gang: सीकर की सदर थाना पुलिस ने चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इनके पास से स्कॉर्पियो गाड़ी, 21 सिम कार्ड सहित कई सामान मिला है। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
SHO इंद्राराज मरोड़िया ने बताया 2 जून 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि चार साइबर ठग रुपए निकलवाने के लिए बाडलवास आए हुए हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां पर पुलिस को अशोक, संदीप, अतुल और विकास मिले। इनके पास स्कॉर्पियो गाड़ी थी। इनके पास से चार मोबाइल, 21 सिम कार्ड, 2 बैंक पासबुक और 3 एटीएम कार्ड मिले।
जब इनसे पूछताछ की गई तो सामने आया कि चारों अकाउंट किराए पर लेकर ऑनलाइन फ्रॉड अमाउंट का लेनदेन करने के लिए इन्हें काम में लेते हैं। वह सीकर और आसपास के एरिया के लोगों को लोन दिलवाने के नाम पर उनसे फोटो और आईडी लेकर बैंक में अकाउंट खुलवाते है।
एटीएम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज अपने पास रख लेते हैं। लोगों के नाम पर ही सिम कार्ड लेते हैं। इसके बाद उनके बिना जानकारी के बैंक अकाउंट यूज में लेते हैं। कार्रवाई में हैड कांस्टेबल बाबूलाल, दुर्गाराम, कांस्टेबल खेमचंद, अनिल, ओम प्रकाश और रमेश शामिल रहे।