Former MLA House Attack: भरतपुर जिले की बयाना विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे बच्चू बंसीवाल के घर गुरुवार सुबह भारी बवाल हो गया। करीब 50 -60 लोगों की भीड़ ने पूर्व एमएलए घर पर हमला कर दिया। हमले में पूर्व विधायक के छोटे भाई, चचेरे भाई और चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चाचा हालत गंभीर है जिसे अस्पताल के आईसीयू वार्ड में रखा गया है।
सरियों व पत्थरों से किया हमला
पूर्व विधायक के भाई कमल सिंह ने बताया कि हाल ही में गांव से अलग-अलग जाति के एक लड़का और लड़की भाग गए थे। जिसको पुलिस ने बरामद कर निबटारा कर दिया था। इस घटना के बाद एक समाज के लोगों को शक हुआ कि पूर्व विधायक का परिवार लड़के का पक्ष ले रहा है। इसी रंजिश के चलते गुरुवार सुबह हथियारों से लैस करीब 50-60 लोग उनके घर पर आ धमके और लाठी-डंडों, सरियों व पत्थरों से हमला कर दिया।
एफआईआर दर्ज
हमले में कमल सिंह सहित चचेरा भाई सुनील और चाचा चंपा लाल घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और एफआईआर दर्ज हो गई है। पुलिस ने आरोपी पक्ष 4-5 लोगों को हिरासत में ले लिया है। बाकी आरोपी मौके से फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Deeg News: कासौट गांव में जल भराव की वजह से आवागमन हो रहा प्रभावित, आए दिन घायल हो रहे हैं ग्रामीण