Rajasthan Crime News: भरतपुर जिले के रूपवास थाना क्षेत्र के सिंघावली गांव में शुक्रवार को एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहांशादी समारोह में पति ने पत्नी को गोली मार दी। फिर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। आपको बता दें कि यह मामला भरतपुर जिले के रूपवास थाना क्षेत्र के सिंघावली गांव का शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे का है।
देसी कट्टा से राधिका की छाती में गोली मारी
वहीं थानाधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि यूपी में आगरा के बरुअर निवासी राघवेंद्र (31) की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी राधिका (28) गंभीर घायल है। सिंघावली गांव राधिका अपने मायके आई थी। शुक्रवार दोपहर राधिका के चाचा की लड़की के लग्न का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान राधिका और राघवेंद्र में कहासुनी हो गई। वह राधिका को कमरे में ले गया। कमरा बंद कर उसने पहले देसी कट्टा से राधिका की छाती में गोली मारी। फिर खुद के सीने पर फायर कर लिया।
महिला को जयपुर रेफर कर दिया गया
वहीं गोली चलने की आवाज सुनकर राधिका के परिजन कमरे की तरफ भागे। उन्होंने कमरे का गेट तोड़ा और दोनों को बाहर निकाला। तब तक राघवेंद्र की मौत हो चुकी थी। राधिका को गंभीर हालत में रूपवास हॉस्पिटल लेकर गए। वहां से रेफर करने पर उसे भरतपुर के RBM अस्पताल में भर्ती करवाया। हालत क्रिटिकल होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।
एसएचओ ने बताया कि राघवेंद्र ने राधिका को शादी में जाने के लिए मना किया था। इसके बाद भी राधिका गुरुवार को पीहर आ गई। शुक्रवार को जब राघवेंद्र अपने घर पहुंचा तो उसे पता लगा कि राधिका पीहर चली गई। इसी बात से नाराज होकर राघवेंद्र अपने ससुराल पहुंचा था। वहीं परिजन ने पुलिस को बताया कि राधिका शादी में शामिल होने 30 अप्रैल को ही घर आई थी। जबकि राघवेंद्र आज दोपहर करीब 12 बजे आया था। आते ही उसने राधिका को लग्न के कार्यक्रम से बुलाया और एक कमरे में ले गया। वहां उसने उसे गोली मार दी। एसएचओ विनोद मीणा ने बताया कि राघवेंद्र खेतीबाड़ी और ट्रक ड्राइवर की नौकरी करता है। दोनों की शादी 4 साल पहले हुई थी। उनके 3 साल का बेटा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।