Bharatpur Crime: भरतपुर शहर में मुख्यमंत्री आवास (CM HOUSE) के पास बीती रात को ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूरों के साथ मारपीट कर दी और उन पर फायरिंग भी कर दी। जिसमें 4 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है। मथुरा गेट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानें क्यों हुआ पूरा विवाद
एक मजदूर ने बताया है कि वे जवाहर नगर इलाके के भगत सिंह चौराहे के पास सीवरेज लाइन डालने का काम कर रहे थे। ठेकेदार ने पुष्पेंद्र सिंह ने मजदूरों से वह मिट्टी को वहां से हटाने के लिए कहा, लेकिन रात अधिक होने की वजह मजदूरों ने उस मिट्टी को वहां से हटाने से मना कर दिया और सुबह हटवाने की बात कही। जिससे ठेकेदार पुष्पेंद्र सिंह नाराज हो गया और उसने अपने साले बिरजू और अन्य साथियों के साथ मिलकर मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने फायरिंग भी की, गोली सीवरेज ठेकेदार सतीश के हाथ में लग गई।
पुलिस ने 2 आरोपी को हिरासत में लिया
मथुरा गेट थानाधिकारी हरलाल ने बताया है कि यह झगड़ा सड़क पर पड़ी मिट्टी को हटाने को लेकर हुआ था। सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र सिंह और उसके साले बिरजू को गिरफ्तार कर उनकी गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। सीवरेज ठेकेदार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरे में कैद घटना के आधार पर झगड़े में शामिल बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।