Rajasthan Crime: भरतपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सर्कुलर रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को तोड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। एक बदमाश ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ की। घटना में मशीन से नकदी चोरी हुई है या नहीं, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें मुंह पर कपड़ा बांधे एक व्यक्ति एटीएम से छेड़छाड़ करता नजर आ रहा है। फिलहाल बैंक प्रबंधन की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

कोतवाली थाना प्रभारी तेजपाल सैनी ने बताया कि सर्कुलर रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को तोड़ने की कोशिश की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां बैंक मैनेजर रामकुमार सैनी मिले। उन्होंने बताया- सोमवार सुबह बैंक खुलने पर सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। जिसमें एटीएम से छेड़छाड़ की घटना सामने आई।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति रविवार सुबह करीब 6 बजे एटीएम कक्ष में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। संदिग्ध ने एटीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ की, लेकिन मशीन से नकदी निकाली गई या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक, मशीन को इंजीनियर ही खोल सकता है। मशीन की जांच होने के बाद ही नकदी चोरी होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है।