Ajmer AC Bus News: अजयमेरु आगार को पहली बार 2 एसी बसें मिलने जा रही हैं। रोडवेज की ओर से इन बसों का आवंटन किया जा रहा है। दिसंबर में बसें मिलने के साथ ही अजमेर से कोटा और उदयपुर मार्ग पर इनका संचालन शुरू करने की तैयारी है। अजमेर से जयपुर और जोधपुर के लिए पहले से वोल्वो और एसी बसें संचालित हैं, लेकिन कोटा मार्ग पर अजयमेरु आगार की एसी बस नहीं है।

ऐसे में यात्रियों को सीधी एसी बस सेवा का इंतजार है। उदयपुर के लिए भी अजमेर से सीधी एसी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। डीलक्स डिपो की एक वोल्वो बस जयपुर से अजमेर होते हुए उदयपुर जाती है, लेकिन इसका मार्ग भीलवाड़ा होकर है। इससे राजसमंद और नाथद्वारा जाने वाले यात्रियों को सीधा फायदा नहीं मिल पाता। नई बस को वाया ब्यावर, राजसमंद और नाथद्वारा चलाने की तैयारी है।

कोटा जाने में समय और किराए की बचतः अजमेर से कोटा के लिए सीधी एसी बस नहीं होने से यात्रियों को ट्रेन से वाया जयपुर-सवाई माधोपुर होकर जाना पड़ता है। इससे समय व ज्यादा किराया खर्च होते हैं। इस मार्ग पर लंबे समय से एसी बस चलाने की मांग की जा रही है। अजमेर उदयपुर मार्ग पर एसी बस शुरू होने से यात्रियों को राजसमंद, नाथद्वारा, एकलिंगजी और देवगढ़ तक पहुंचने में सुविधा मिल सकती है। फिलहाल इस रूट पर अजमेर से एसी बस संचालित नहीं होती, इसलिए ट्रेन पर निर्भर होना पड़ता है।