White Hair Problem: आज के समय में बिजी लाइफस्टाइल और खराब खान-पान के चलते कम उम्र में सफेद बालों की समस्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। जहां पहले सफेद बाल बढ़ती उम्र की निशानी माने जाते थे, वहीं अब यह समस्या युवाओं और टीनएजर्स में भी देखने को मिल रही है। इसके पीछे का मुख्य कारण खराब आदतें और गलत खान-पान हो सकता है। इसके साथ ही शरीर में कुछ पोषक तत्वों की कमी भी बालों की सेहत पर असर डालती है।
आपको बता दें कि बालों का प्राकृतिक रंग मेलानिन नामक पिगमेंट पर निर्भर करता है। जब शरीर में कुछ जरूरी पोषक तत्वों की कमी होने लगती है, तो बालों की गुणवत्ता और रंग दोनों प्रभावित होते हैं। ऐसे में कई लोग हेयर प्रोडक्ट्स के जरिए इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश करते हैं, जबकि इसके पीछे का कारण शरीर के अंदर की पोषण संबंधी समस्या भी हो सकती है।
जानें सफेद बाल होने के कारण
ऐसे में यह जानना बहुत जरूरी है कि समय से पहले बाल सफेद होने के पीछे क्या कारण हो सकते हैं। इन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आज हम आपको इस समस्या से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में। विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ विटामिन और मिनरल्स की कमी की वजह से बाल समय से पहले सफेद होने लगते हैं। इनमें विटामिन B12, आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन D, कॉपर और जिंक जैसे जरूरी पोषक तत्व शामिल हैं। अगर शरीर में इनकी कमी हो जाए, तो बाल कमजोर होने लगते हैं और बाल झड़ने जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।
डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी
वहीं, कई बार केवल पोषण की कमी ही नहीं, बल्कि जेनेटिक्स भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अगर परिवार में कम उम्र में ही बाल सफेद होने का इतिहास रहा है, तो आने वाली पीढ़ी में भी यह समस्या देखने को मिल सकती है। इसलिए सही कारण जानने के लिए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। अगर आपके बाल समय से पहले सफेद हो रहे हैं, इसके साथ ही बाल तेजी से झड़ रहे हैं और आप लगातार कमजोरी महसूस कर रहे हैं, तो आपको पोषक तत्वों की जांच कराने के बारे में जरूर सोचना चाहिए। वहीं, अगर आपको बार-बार चक्कर आते हैं और शरीर में ऊर्जा की कमी रहती है, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें। ऐसे में ब्लड टेस्ट कराना फायदेमंद साबित हो सकता है।
पौष्टिक आहार को अपनी डाइट में शामिल करें
बालों को हेल्दी रखने के लिए पौष्टिक आहार को अपनी डाइट में शामिल करें। हरी सब्जियां, फल और प्रोटीन से भरपूर चीजों का सेवन करें। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, पूरी नींद लें और तनाव को कम करने की कोशिश करें। अगर आप धूम्रपान जैसी आदतों के आदी हैं, तो उनसे दूरी बनाएं। इन बातों का ध्यान रखकर आप अपने बालों को लंबे समय तक स्वस्थ और मजबूत बनाए रख सकते हैं।