Railway Job 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड ने टेक्नीशियन भर्ती-2026 का इंडिकेटिव नोटिस जारी कर दिया है। जिसके अनुसार कुल 6565 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल और टेक्नीशियन ग्रेड-3 के पद शामिल हैं। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी। अंतिम तिथि 29 जुलाई तय की है। उत्तर पश्चिम रेलवे में भी इस भर्ती से राहत मिलने की उम्मीद है।

टेक्नीशियन ग्रेड-3 के सबसे अधिक 6242 पद

जयपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर मंडल में टेक्नीशियन के 250 से अधिक पद लंबे समय से खाली चल रहे हैं। वहीं, इसके अलावा रेलवे की अजमेर, बीकानेर और जोधपुर वर्कशॉप में भी करीब इतने ही पद रिक्त चल रहे हैं, लेकिन उन्हें भरने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। तकनीकी कर्मचारियों की कमी के कारण कई जगह मरम्मत और मेंटेनेंस कार्य प्रभावित हो रहे थे। भर्ती में टेक्नीशियन ग्रेड-3 के सबसे अधिक 6242 पद हैं, जबकि टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल के 323 पद शामिल किए हैं। टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल के लिए आयु सीमा 18 से 33 वर्ष और ग्रेड-3 के लिए 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।

एक अभ्यर्थी सिर्फ एक RRB में कर सकेगा आवेदन

वहीं रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक अभ्यर्थी सिर्फ एक ही रेलवे भर्ती बोर्ड में आवेदन कर सकेगा। साथ ही एक पे लेवल के लिए सिर्फ एक ही आवेदन मान्य होगा यानी अलग पे लेवल के लिए अलग आवेदन करना होगा। अगले माह की शुरुआत तक इसका नोटिफिकेशन जारी होगा