Career Change Tips: 30-40 की उम्र में करियर बदलना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन नामुमकिन नहीं। कई बार कुछ लोग इस उम्र तक आते-आते जिम्मेदारियां, फाइनेंशियल सिक्योरिटी और एक तय जीवनशैली बना चुके होते हैं। ऐसे में लोग बिना सोचे-समझे नौकरी छोड़ देते हैं, क्योंकि उन्हें लगने लगता है कि नौकरी में ग्रोथ नहीं हो रही है और वे किसी नए फील्ड में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।

ऐसे में इस तरह का कदम उठाने से पहले सही प्लानिंग करना बहुत जरूरी है। खासकर फाइनेंस से जुड़ी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। अगर आपके अकाउंट में पर्याप्त पैसे हैं तो आपके लिए करियर बदलना आसान हो सकता है। लेकिन किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। इस लेख में हम आपको कुछ फाइनेंशियल टिप्स के बारे में बता रहे हैं, जो आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। आइए जानते हैं कि करियर रीबूट के लिए पैसों की प्लानिंग किस तरह करनी चाहिए।

आपको बता दें कि करियर बदलने से पहले आपका फाइनेंशियल ग्राउंड मजबूत होना बहुत जरूरी है। ऐसा होगा तो आप स्ट्रेस फ्री रहेंगे। इमरजेंसी फंड वित्तीय सुरक्षा की सबसे मजबूत नींव माना जाता है। अगर आप 30-40 की उम्र में करियर रीबूट या नौकरी छोड़ने का फैसला लेते हैं, तो इमरजेंसी फंड आपके लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। इसके लिए आपको हर महीने के जरूरी खर्च, जैसे घर का राशन, बच्चों की फीस, बिजली का बिल और अन्य आवश्यक खर्चों को जोड़कर कम से कम 6 से 12 महीने के खर्च के बराबर राशि अलग रखनी चाहिए। इसके बाद बची हुई रकम को भी नियमित रूप से बचत में जोड़ते रहें।

नौकरी छोड़ते ही कंपनी द्वारा मिलने वाला ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस भी खत्म हो जाता है। ऐसे में बिना मेडिकल इंश्योरेंस के रहना जोखिम भरा हो सकता है। अगर अचानक कोई बीमारी आ जाए तो आपकी पूरी सेविंग्स खत्म हो सकती हैं। इसलिए करियर रीबूट या नई नौकरी की तलाश शुरू करने से पहले अपने पूरे परिवार के लिए अलग हेल्थ इंश्योरेंस जरूर करवाएं। पॉलिसी लेते समय नो क्लेम बोनस, कैशलेस हॉस्पिटलाइजेशन और वेटिंग पीरियड जैसी शर्तों का भी ध्यान रखें।

अगर आप पर किसी तरह का लोन या ईएमआई चल रही है, तो नौकरी छोड़ने से पहले उसे चुकाने की कोशिश करें। बीच में करियर स्विच करने पर यह आपके लिए आर्थिक परेशानी का कारण बन सकता है। यदि आप नौकरी छोड़कर बिजनेस या फ्रीलांसिंग शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो यह मानकर चलें कि शुरुआती 6 महीने तक आपकी नियमित कमाई नहीं होगी। ऐसे में तभी करियर बदलने का फैसला लें, जब आपके पास घर का खर्च, मेडिकल जरूरतें और ईएमआई जैसी जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए पर्याप्त बचत हो। अन्यथा जल्दबाजी करने से बचें।