Jaggery Powder Benefits: आज के समय में चीनी की जगह लोग नेचुरल स्वीटनर का इस्तेमाल करना पसंद कर रहे हैं। इनमें गुड़ पाउडर  का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। आपको बता दें कि गुड़ न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। चीनी की तुलना में गुड़ पाउडर अधिक लाभकारी होता है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल आता है कि इसे कितनी मात्रा में खाना चाहिए और इसका सही सेवन कैसे किया जाए। आइए जानते हैं इससे जुड़ी पूरी जानकारी।

गुड़ पाउडर गन्ने के रस से तैयार किया जाता है। इसे बनाने में रिफाइंड चीनी की तरह भारी मात्रा में केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया जाता। गुड़ की तुलना में इसका पाउडर रूप इस्तेमाल करने में आसान होता है और यह लंबे समय तक खराब भी नहीं होता है। गुड़ पाउडर में आयरन, पोटैशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। यह केवल मिठास बढ़ाने वाला पदार्थ नहीं, बल्कि एक हेल्दी फूड भी माना जाता है।

गुड़ पाउडर का सेवन करने से पाचन एंजाइम सक्रिय होते हैं, जिससे भोजन आसानी से पच जाता है। इससे कब्ज और गैस जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है। भोजन करने के बाद थोड़ी मात्रा में गुड़ पाउडर का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।

गुड़ पाउडर में आयरन भरपूर मात्रा में होता है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है। महिलाओं और बच्चों के लिए इसका सेवन विशेष रूप से लाभदायक माना जाता है।

यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का भी काम करता है। यदि आपको थकान, कमजोरी या चक्कर आने की समस्या रहती है, तो सीमित मात्रा में गुड़ पाउडर का सेवन लाभकारी हो सकता है। इसके अलावा, यह सर्दी-खांसी से बचाव में भी सहायक माना जाता है।

अगर कैलोरी की बात करें तो 100 ग्राम चीनी में लगभग 387 कैलोरी होती है, जबकि 100 ग्राम गुड़ पाउडर में लगभग 300 से 330 कैलोरी होती है। कैलोरी के लिहाज से दोनों में बहुत अधिक अंतर नहीं है, लेकिन गुड़ पाउडर में मौजूद पोषक तत्व इसे चीनी की तुलना में अधिक स्वास्थ्यवर्धक विकल्प बनाते हैं।