Is ORS Safe Daily: गर्मी का मौसम चल रहा है और इस समय लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। ऐसे में लोग शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस का सेवन करते हैं। वहीं कई बार लोग इसे सीधे पानी की बोतल में डालकर दिनभर पीते रहते हैं। लोगों के मन में अक्सर सवाल आता है कि क्या रोज ओआरएस पीना सही है या फिर इसकी कोई लिमिट होनी चाहिए। ऐसे में आज हम आपको इस लेख में बताएंगे कि इस पर एक्सपर्ट का क्या कहना है।

आपको बता दें कि एक्सपर्ट का कहना है कि गर्मी में ओआरएस पीना काफी फायदेमंद होता है। यह शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है और इलेक्ट्रोलाइट को बैलेंस बनाए रखने में मदद करता है। वहीं, एक्सपर्ट का कहना है कि धूप में लंबे समय तक काम करने वालों को ओआरएस का सेवन करना चाहिए। बुजुर्गों और बच्चों को डिहाइड्रेशन होने पर ओआरएस दिया जा सकता है। जो लोग फील्ड वर्क करते हैं, उनके लिए भी ओआरएस काफी फायदेमंद हो सकता है। लूज मोशन होने पर भी ओआरएस पीना चाहिए।

हालांकि, एक्सपर्ट ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति सामान्य स्थिति में है और पर्याप्त मात्रा में पानी पी रहा है, तो उसे डिहाइड्रेशन नहीं है, ऐसे में बार-बार ओआरएस का सेवन नहीं करना चाहिए क्योंकि इसमें शुगर भी होता है। ज्यादा शुगर लेने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। ओआरएस में नमक भी होता है, जो अधिक मात्रा में लेने पर ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए हानिकारक हो सकता है। यह शरीर में इलेक्ट्रोलाइट का संतुलन बिगाड़ सकता है, जो किडनी के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है।

कुछ लोगों को डॉक्टर की सलाह के बिना ओआरएस का सेवन नहीं करना चाहिए। किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोग, हाई बीपी के मरीज, दिल से जुड़ी समस्याओं वाले मरीज और डायबिटीज के मरीजों को ओआरएस लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।