Healthy Teeth for Kids: दांतों में कैविटी होना एक बहुत ही आम समस्या है और यह परेशानी ज्यादातर बच्चों में देखने को मिलती है। इसकी वजह से दांतों में तेज दर्द और सूजन होने लगती है। वहीं, अगर समय रहते इस समस्या पर ध्यान न दिया जाए तो इंफेक्शन बढ़ने का खतरा रहता है। इस कारण दूसरे दांतों में भी सड़न पहुंचने लगती है। अगर बच्चों को सही डेंटल और ओरल हाइजीन नहीं सिखाई जाए तो यह परेशानी गंभीर रूप ले सकती है।
ऐसे में जरूरी है कि आप बच्चों में अच्छी हाइजीन की आदतें विकसित करें, ताकि उन्हें कैविटी से बचाया जा सके। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दांतों में कैविटी होने का मुख्य कारण दांतों की सही तरीके से सफाई न करना है। इसके अलावा दांतों का लंबे समय तक शुगर के संपर्क में रहना भी इसका कारण बनता है। बैक्टीरिया और शुगर मिलकर दांतों में सड़न पैदा करते हैं। इससे दांतों की बाहरी परत यानी एनामेल को भी नुकसान पहुंचता है। आज हम आपको 5 ऐसी आदतों के बारे में बताएंगे, जिन्हें बच्चों में विकसित करके कैविटी से बचाव किया जा सकता है।
दिन में दो बार ब्रश कराएं
बच्चों को दिन में दो बार ब्रश जरूर करवाएं। एक बार सुबह जागने के बाद और दूसरी बार रात को सोने से पहले। रात में खाना खाने के बाद ब्रश करने से दांतों में फंसे भोजन के कण निकल जाते हैं और सड़न से बचाव होता है। रात के समय मुंह में लार का उत्पादन कम हो जाता है, जिससे बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं। इसलिए रात में ब्रश करना बेहद जरूरी है।
कुल्ला करने की आदत डालें
बच्चों को कुछ भी खाने के बाद पानी से कुल्ला करने की आदत डालें। इससे मुंह में जमा भोजन के कण साफ हो जाते हैं और बैक्टीरिया भी कम होते हैं। इससे दांतों को सड़ने से बचाया जा सकता है।
जीभ की सफाई भी जरूरी है
केवल ब्रश करना ही काफी नहीं होता, बल्कि जीभ की सफाई भी जरूरी है। बच्चों को ब्रश करने के बाद जीभ साफ करने की आदत डालें। ऐसा करने से मुंह में मौजूद बैक्टीरिया कम होते हैं, मसूड़े स्वस्थ रहते हैं और मुंह की बदबू से भी बचाव होता है।
मीठी चीजों का सेवन कम कराएं
बच्चे अक्सर मीठी चीजें ज्यादा खाते हैं, जो दांतों में चिपक जाती हैं। बहुत ज्यादा शुगर वाली चीजें न केवल सेहत के लिए हानिकारक होती हैं, बल्कि दांतों को भी नुकसान पहुंचाती हैं। इसलिए बच्चों को सीमित मात्रा में ही मीठा खाने दें।
कैल्शियम से भरपूर आहार दें
अगर आप बच्चों को कैल्शियम से भरपूर खाद्य पदार्थ देते हैं, तो उनके दांत मजबूत बनते हैं और हड्डियां भी मजबूत रहती हैं। इसके लिए बच्चों की डाइट में दूध, दही, पनीर, हरी सब्जियां और फल जरूर शामिल करें। इससे दांतों की सेहत बेहतर बनी रहती है और कैविटी का खतरा कम हो जाता है।