Skin Care Tips: त्वचा से लेकर बालों की खूबसूरती बढ़ाने में एलोवेरा जेल का बहुत ही महत्वपूर्ण रोल होता है। वहीं, आजकल आयुर्वेद में भी यह काफी पसंद किया जाने वाला इंग्रेडिएंट बन गया है। ऐसे में लोग मार्केट से एलोवेरा जेल लाकर इसका इस्तेमाल करते हैं, जिसमें कई तरह के केमिकल्स और एडिटिव्स भी मौजूद होते हैं, जो नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में आप घर पर भी इसे बनाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद आपको बाजार से महंगा और मिलावटी जेल लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। तो आइए जानते हैं घर पर एलोवेरा जेल बनाने का आसान तरीका।
सामग्री
एलोवेरा की मोटी पत्तियां- 2 से 3
विटामिन ई कैप्सूल।
नींबू का रस- आधा चम्मच
गुलाब जल
ब्लेंडर
कांच का कंटेनर
विधि
एलोवेरा जेल बनाने के लिए आप सबसे पहले एलोवेरा के पत्ते नीचे की तरफ से काट लें। ध्यान रखें कि पत्ते पूरी तरह से पके हुए होने चाहिए। इसके बाद इन पत्तियों को 15 से 20 मिनट के लिए किसी बर्तन में सीधा करके रख दें। इससे पत्ती के निचले हिस्से से पीले रंग का कड़वा पदार्थ पूरी तरह बाहर निकल जाएगा। इससे त्वचा पर खुजली या एलर्जी होने की संभावना कम हो सकती है।
फिर आप पत्तियों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और कपड़े से पोंछकर सुखा लें। इसके बाद चाकू से पत्ती के दोनों तरफ मौजूद कांटों वाले हिस्से को काटकर अलग कर दें।
अब पत्ती की ऊपरी हरी परत को चाकू की मदद से छिलके की तरह हटा लें। इसके बाद एक चम्मच की मदद से अंदर मौजूद एलोवेरा जेल को निकाल लें। चम्मच की मदद से पूरी पत्ती को साफ करके पर्याप्त मात्रा में जेल निकालकर कटोरी में रख लें।
अब निकाले हुए जेल को मिक्सी जार में डालें। इसमें विटामिन ई कैप्सूल का जेल मिलाएं। साथ ही गुलाब जल और नींबू का रस डालकर ब्लेंड कर लें। इसे करीब 15 सेकंड तक ब्लेंड करना है।
इसके बाद तैयार एलोवेरा जेल को कांच के एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें। इसे फ्रिज में रखकर इस्तेमाल किया जा सकता है।