BP Control Tips:आजकल बीपी और शुगर की बीमारी बहुत ही आम हो गई है। वहीं, इस बीमारी का शिकार केवल बड़े और बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि युवा भी हो रहे हैं। इसके पीछे का कारण खराब लाइफस्टाइल माना जाता है। ज्यादा स्ट्रेस लेना, ज्यादा नमक खाना, फिजिकल एक्टिविटी कम करना और मोटापा बढ़ना इसके मुख्य कारण हैं।
इसके शुरुआती लक्षण लोगों को आसानी से नजर नहीं आते हैं। अगर बीपी लंबे समय तक हाई बना रहे, तो यह शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में जरूरी है कि बीपी नॉर्मल रेंज में ही रहे। अगर आपका बीपी हमेशा हाई रहता है, तो आपको दवाइयों के साथ अपनी डाइट और लाइफस्टाइल में भी बदलाव करना जरूरी है। इसके जरिए आप बीपी को कंट्रोल कर सकते हैं।
अब जानते हैं बीपी कंट्रोल करने के तरीके। एक्सपर्ट का कहना है कि बीपी मैनेज करने के लिए जितनी जरूरी दवाइयां हैं, उतनी ही जरूरी आपकी डाइट और लाइफस्टाइल भी है। अगर आप दवाइयां नियमित रूप से ले रहे हैं, तो इसके साथ आपको कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है।
सबसे पहले आपको एक बैलेंस डाइट लेनी चाहिए। इस बात का ध्यान रखें कि दिन में 5 से 6 ग्राम से ज्यादा नमक न लें। फल, सब्जियां और साबुत अनाज जैसी चीजों को अपनी डाइट में शामिल करें। प्रोसेस्ड फूड और तला-भुना खाना खाने से परहेज करें।
बीपी कंट्रोल करने के लिए डाइट के साथ-साथ एक्सरसाइज करना भी बहुत जरूरी है। इसके लिए आप साइक्लिंग, ब्रिस्क वॉकिंग जैसी एक्टिविटीज कर सकते हैं। कोशिश करें कि हफ्ते में कम से कम 5 दिन एक्सरसाइज जरूर करें।
अगर आपका वजन ज्यादा है, तो उसे कम करने की कोशिश करें। मोटापा कम करने से भी बीपी की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। वहीं, तंबाकू और अल्कोहल का सेवन करने वाले लोग इसे तुरंत बंद कर दें, क्योंकि यह दिल समेत शरीर के कई अंगों पर बुरा असर डाल सकता है।
बीपी बढ़ने के पीछे स्ट्रेस भी एक मुख्य कारण माना जाता है। अगर आप लंबे समय से तनाव में हैं, तो इसे हल्के में न लें, क्योंकि यह आपकी मेंटल और फिजिकल हेल्थ दोनों पर बुरा असर डाल सकता है। तनाव कम करने के लिए योग, मेडिटेशन और एक्सरसाइज का सहारा ले सकते हैं। इसके साथ ही भरपूर और अच्छी नींद लेना भी बहुत जरूरी है।