Drinking Cold Water: गर्मी के मौसम में ठंडा पानी पीना भला कैसे अच्छा नहीं लगता है, क्योंकि गर्म-गर्म मौसम में ठंडा पानी पीना काफी ज्यादा आनंद भरा होता है। ऐसे में लोग इस आदत को अपनी सेहत के लिए भी हानिकारक मान लेते हैं और आसानी से अफवाहों पर भरोसा भी कर लेते हैं। वहीं कई लोग कहते हैं कि ठंडा पानी पाचन (डाइजेशन) के लिए हानिकारक होता है। कुछ लोग ठंडे पानी से जुड़े कई मिथकों पर भी भरोसा कर लेते हैं। ऐसे में आज हम आपको इस लेख में बताएंगे कि इस पर एक्सपर्ट का क्या कहना है, तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।

एक्सपर्ट का कहना है कि नॉर्मल डाइजेशन में इनजेस्टेड खाने या इनजेस्टेड टेंपरेचर ऑफ वाटर का कोई खास कनेक्शन नहीं होता है। चाहे आप ठंडा पानी पिएं या गर्म पानी, पेट में जाने के बाद बॉडी का एक सिस्टम उसे सामान्य तापमान (नॉर्मल टेंपरेचर) में बदल देता है। सामान्य तौर पर देखा जाए तो ठंडा पानी पीने से हमारे डाइजेशन को कोई नुकसान नहीं पहुंचता है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कई लोगों में यह गलतफहमी होती है कि ठंडा पानी पीने से खाना जम जाता है या क्रिस्टलाइज हो जाता है, लेकिन वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार यह पूरी तरह गलत धारणा है।

ठंडा पानी और सेहत का कनेक्शन

एक्सपर्ट का कहना है कि ठंडा पानी पीने से पेट का स्वास्थ्य बिगड़ता नहीं है। बल्कि कई लोगों का यह भी मानना है कि खाने के बाद ठंडा पानी पीने से खाना सख्त हो जाता है, जो कि एक गलतफहमी है। इसके साथ ही हमें इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि कुछ पेट की बीमारियां जैसे IBS (इरिटेबल बाउल सिस्टम) जैसी स्थितियों में सेंसिटिविटी ज्यादा होती है। ऐसी कंडीशन में ठंडा पानी पीने से लक्षण बढ़ सकते हैं, लेकिन सामान्य लोगों के लिए ठंडा पानी नुकसानदायक नहीं होता है। सही मात्रा में इसका सेवन किया जा सकता है।

जानें गर्मी में ठंडा पानी पीना कितना सुरक्षित

गर्मी में आप पानी पी सकते हैं, लेकिन कोशिश करनी चाहिए कि पानी बहुत ज्यादा ठंडा न हो। बहुत ठंडा पानी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अगर कोई व्यक्ति तेज गर्मी से बाहर आता है और तुरंत ठंडा पानी पी लेता है, तो ऐसे में शरीर का तापमान अचानक बदल सकता है, जिससे सर्दी, खांसी और जुकाम होने का खतरा बढ़ जाता है। वहीं अस्थमा, साइनस और माइग्रेन के मरीजों को ठंडा पानी पीने से परहेज करना चाहिए। पानी पीने का सही तरीका यह है कि आप एकदम से गटागट पानी न पिएं, बल्कि धीरे-धीरे पानी पिएं। दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। धूप से आने के तुरंत बाद बहुत ज्यादा ठंडा पानी पीने से बचना चाहिए।