Pregnant Robots: रोबोटिक्स और विज्ञान के क्षेत्र में एक बड़ा विकास होने जा रहा है। चीन की रोबोटिक्स कंपनी काइबा टेक्नोलॉजी ने दुनिया का पहला प्रेगनेंसी रोबोट बनाने की घोषणा की है। यह रोबोट एक ऐसी मशीन होगी जो इंसानों की तरह ही गर्भधारण कर सकेगी। कंपनी के संस्थापक डॉक्टर झांग के फेंग के मुताबिक यह रोबोट गर्भधारण करने से लेकर प्रसव तक की पूरी प्रक्रिया को पूरा करेगा। 

कैसे करता है यह काम 

यह प्रेगनेंसी रोबोट इन विट्रो फर्टिलाइजेशन के जरिए लैब में महिला के एग और पुरुष के स्पर्म से एक भ्रूण तैयार होगा। इसके बाद इस भ्रूण को रोबोट के गर्भ में प्लांट किया जाएगा। इस रोबोट में एक आर्टिफिशियल फ्लूइड से भरा हुआ एक एमनियोटिक कक्ष होगा। यह फ्लूइड एक प्राकृतिक गर्भ की तरह काम करता है और गर्भनाल की तरह ही भ्रूण के विकास के लिए ऑक्सीजन और आवश्यक पोषक तत्वों को प्रदान करता है। 

इतना ही नहीं बल्कि 9 महीने के गर्भकाल के दौरान रोबोट मानव जैसी गतिविधियों और व्यवहार को भी प्रदर्शित करेगा। इस पूरी स्थिति पर एक एआई सिस्टम बारीकी से नजर रखेगा। आपको बता दें कि इस नई तकनीक के जरिए उपयोगकर्ता लगभग 1 लाख युआन, यानी कि करीब 12 लाख रुपए की लागत से 9-10 महीनों के लिए इस रोबोट को किराए पर ले पाएंगे। अगले साल इस रोबोट को बाजार में लॉन्च कर दिया जाएगा। 

सामाजिक प्रभाव पर चिंता 

हालांकि कुछ विशेषज्ञ द्वारा इस तकनीक को लेकर सामाजिक प्रभाव पर चिंता जताई गई है। उनका कहना है कि ऐसी तकनीक व्यक्तिगत संबंधों पर प्रभाव डालती है। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि उनका कहना है की माता-पिता और बच्चों के बीच भावनात्मक दूरी भी पैदा हो सकती है। लेकिन इन सबके बावजूद इसके कुछ सकारात्मक प्रभाव भी बताए जा रहे हैं। 

सकारात्मक प्रभाव 

इस तकनीक की मदद से जो दंपति स्वाभाविक रूप से गर्भधारण करने में असमर्थ हैं, उन्हें माता-पिता बनने का एक नया रास्ता मिल सकता है। इसके अलावा रोबोट भ्रूण के विका,  प्रसवपूर्ण देखभाल और गर्भकालीन स्वास्थ्य के अध्ययन के लिए एक नियंत्रित मंच के रूप में भी काम कर सकता है। इसके अलावा महिलाओं में उच्च जोखिम वाले गर्भधारण से बचा जा सकता है।

यह भी पढ़ें- Dalchini Ke Fayde: रात को सोने से पहले जरूर पिएं दालचीनी का पानी, शरीर को मिलेंगे कई गजब के फायदे