Healthy Tips: मूंग और काले चने, दोनों के स्प्राउट्स शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। इनमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो सेहत के लिए लाभदायक होते हैं। ऐसे में अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो ये दोनों अच्छे विकल्प हो सकते हैं। हालांकि, यह जानना जरूरी है कि इनमें कैलोरी, प्रोटीन और फाइबर कितनी मात्रा में होते हैं। इसके साथ ही इन्हें खाने का सही तरीका भी पता होना चाहिए। इस लेख में आज हम इससे जुड़ी तमाम जानकारी जानेंगे।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दोनों तरह के स्प्राउट्स पोषण से भरपूर होते हैं, लेकिन इनके पोषक तत्वों की मात्रा थोड़ी अलग होती है। मूंग स्प्राउट्स में पानी की मात्रा ज्यादा होती है और ये कैलोरी के मामले में हल्के होते हैं। वहीं, काले चने के स्प्राउट्स में प्रोटीन और फाइबर की अच्छी मात्रा होती है। हालांकि, दोनों को खाने के फायदे अलग-अलग हैं।
मूंग स्प्राउट्स खाने के फायदे
अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो मूंग स्प्राउट्स आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकते हैं। इनमें कैलोरी कम होती है और प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भी पाए जाते हैं। 100 ग्राम मूंग स्प्राउट्स में लगभग 30 कैलोरी और 3 ग्राम प्रोटीन हो सकता है। हालांकि, पोषण की मात्रा स्प्राउट्स तैयार करने के तरीके और उनकी नमी के आधार पर बदल सकती है। आप मूंग स्प्राउट्स को सलाद, चाट या नाश्ते के रूप में खा सकते हैं। इसमें खीरा, टमाटर, प्याज और नींबू मिलाकर सेवन करें। यह कम कैलोरी वाला अच्छा नाश्ता हो सकता है।
काले चने के स्प्राउट्स खाने के फायदे
मूंग स्प्राउट्स की तुलना में काले चने के स्प्राउट्स में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा अधिक होती है। ये पोषक तत्व पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकते हैं। ऐसे में अगर आपको बार-बार भूख लगती है, तो इन्हें खाने से भूख को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।काले चने में आयरन, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। अगर आप नियमित एक्सरसाइज करते हैं और अपनी डाइट में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाना चाहते हैं, तो काले चने के स्प्राउट्स को डाइट में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, इनमें मूंग स्प्राउट्स के मुकाबले कैलोरी भी अधिक हो सकती है।
वजन घटाने के लिए कौन-से स्प्राउट्स बेहतर हैं?
अगर आप कम कैलोरी वाला नाश्ता करना चाहते हैं, तो मूंग स्प्राउट्स बेहतर विकल्प हो सकते हैं। वहीं, अगर आप ज्यादा प्रोटीन और फाइबर लेना चाहते हैं और लंबे समय तक पेट भरा रखना चाहते हैं, तो काले चने के स्प्राउट्स का सेवन कर सकते हैं।