Aloo Recipe: ज्यादातर घरों में आलू की सब्जी बनाकर खाई जाती है। कुछ लोग आलू की सब्जी पूरी के साथ खाना पसंद करते हैं, तो कुछ लोगों को पराठे के साथ आलू की सब्जी अच्छी लगती है। लेकिन अगर आप कुछ नया और मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो हम आपको आलू की एक बेहद स्वादिष्ट रेसिपी बताने जा रहे हैं।

इस सब्जी की खास बात यह है कि इसे बनाने का तरीका थोड़ा अलग होता है। यह सब्जी छोटे आलू से तैयार की जाती है, जो अपने खास आकार की वजह से काफी आकर्षक लगते हैं। अगर आपका कुछ चटपटा खाने का मन है, तो आप इस रेसिपी को जरूर ट्राई कर सकते हैं। आइए, जानते हैं टोपी वाले आलू की सब्जी बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री
छोटे आलू – 200 ग्राम।
साबुत धनिया – 1 बड़ा चम्मच।
जीरा – 1 छोटा चम्मच।
काली मिर्च – 1 छोटा चम्मच।
लौंग – 3।
सरसों का तेल – जरूरत के मुताबिक।
नमक – स्वादानुसार।
पानी – आधा कप।
हरी मिर्च – 2।
हल्दी पाउडर – आधा चम्मच।
लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच।
अमचूर पाउडर – आधा चम्मच।
गरम मसाला – आधा चम्मच।
हरा धनिया – सजाने के लिए।
 विधि
- सबसे पहले छोटे आलू को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद उन्हें बिना छीले दो हिस्सों में काट लें।

- अब एक मिक्सर जार में साबुत धनिया, जीरा, काली मिर्च और लौंग डालकर अच्छी तरह पीस लें। इससे सब्जी के लिए मसाला तैयार हो जाएगा।

- इसके बाद एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर इसमें तैयार किया हुआ मसाला डालें और कुछ देर भूनें। अब इसमें कटे हुए आलू और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।

- आलू को लगभग 10 मिनट तक पकाएं, ताकि वे बाहर से हल्के कुरकुरे हो जाएं। इसके बाद पैन में थोड़ा पानी डालें और ढक्कन लगाकर लगभग 5 मिनट तक पकने दें। जरूरत के अनुसार पकाने का समय बढ़ा सकते हैं, ताकि आलू अच्छी तरह पक जाएं।

- अब इसमें हरी मिर्च, हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे लगभग 2 मिनट तक पकाएं। इसके बाद अमचूर पाउडर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें।

- सब्जी को कुछ मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालें और गैस बंद कर दें।

आपकी स्वादिष्ट टोपी वाले आलू की सब्जी बनकर तैयार है। इसे गरमा-गरम पूरी, पराठे या रोटी के साथ परोसें और इसके चटपटे स्वाद का आनंद लें।