Winter Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही मक्के के आटे से बनी चीजों की मांग बढ़ जाती है। वहीं मक्के की रोटी और सरसों का साग हो या फिर गुड़ और घी के साथ गर्मागर्म मक्के की रोटी, इनका स्वाद हर किसी को पसंद आता है। लेकिन इस बार सर्दियों में आप राजस्थानी मसाला मक्की की बाटी भी ट्राई कर सकते हैं। यह बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम होती है। वहीं बाटी आलू-मटर की चटपटी स्टफिंग के साथ बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। इस बीच आज हम इस लेख में इसे बनाने की रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी।

मसाला मक्की की बाटी बनाने की सामग्री

इसके लिए 2 कप मक्के का आटा, नमक, साबुत धनिया, जीरा, सौंफ, कसूरी मेथी, हरी मिर्च, हींग, पापड़ खार, हरा धनिया और एक बड़ा चम्मच घी लें।

विधि

- स्टफिंग के लिए एक उबला आलू, एक चौथाई कप हरी मटर, तेल, जीरा, हींग, हरी मिर्च, धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च और नमक की जरूरत होगी।

- इसके बाद एक बड़े बर्तन में मक्के का आटा लें। इसमें नमक, दरदरा कुटा धनिया, जीरा, सौंफ, कसूरी मेथी, हरी मिर्च, हींग और हरा धनिया मिलाएं। अब घी डालकर गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें।

- फिर कड़ाही में तेल गर्म करके जीरा और हींग का तड़का लगाएं। इसमें मटर, उबला आलू और हरी मिर्च डालें। अब हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक मिलाकर 2-3 मिनट पकाएं। आखिर में हरा धनिया डाल दें।

- आटे की छोटी लोइयां बनाकर कटोरी जैसा आकार दें। बीच में आलू-मटर का मसाला भरें और किनारों को अच्छी तरह बंद करके गोल बाटियां बना लें।

- बाटियों को करीब 10 मिनट तक स्टीम करें। इसके बाद धीमी आंच पर तवे या मोटे तले वाले पैन में 15-20 मिनट तक पलट-पलटकर सेंकें। सुनहरा और कुरकुरा होने पर इन्हें उतार लें। गर्मागर्म मसाला मक्की की बाटी को दाल, हरी चटनी या लहसुन की चटनी के साथ परोसें।