Moong Dal Paratha Recipe: सर्दियों के मौसम में लोग अक्सर घर पर आलू और गोभी के पराठे बनाकर खाते हैं। लेकिन आपको बता दें कि मूंग दाल के पराठे भी बेहद स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक होते हैं। इन्हें आप घर पर आसानी से बना सकते हैं। बच्चों के टिफिन में पैक करने के लिए भी ये एक अच्छा विकल्प हैं। ऐसे में इस लेख में हम आपको मूंग दाल के पराठे बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे। तो चलिए जानते हैं इन्हें बनाने का तरीका।
मूंग दाल के पराठे बनाने के लिए सबसे पहले दाल को 5 से 6 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। इसके बाद दाल को कुकर में डालकर 2 से 3 सीटी आने तक अच्छी तरह उबाल लें। फिर दाल का अतिरिक्त पानी निकालकर उसे हल्का मैश कर लें।
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा व सौंफ का तड़का लगाएं। इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च, प्याज, लहसुन, अदरक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह भून लें। जब मसाले पक जाएं, तो इसमें उबली हुई मूंग दाल डालें। इसे 2 से 3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं। आपकी पराठे की स्टफिंग तैयार है।
इसके बाद गेहूं के आटे में पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें थोड़ा बेल लें। अब बीच में तैयार मूंग दाल की स्टफिंग रखें और किनारों को बंद करके पराठे को धीरे-धीरे बेल लें।
अब तवा गर्म करें और उस पर पराठा डालकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें। पराठे पर घी या तेल लगाएं और मध्यम आंच पर सुनहरा व कुरकुरा होने तक पकाएं। जब पराठा दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन हो जाए, तो समझ लें कि वह तैयार है। गरमा-गरम मूंग दाल के पराठों को दही, अचार या चाय के साथ परोसें।