Breakfast Recipe: अगर आप पोहा, उपमा और पराठा खाकर बोर हो गए हैं, तो ऐसे में आप बेसन और मूंग दाल से बना चीला बनाकर खा सकते हैं। यह हेल्दी भी होता है और खाने में काफी स्वादिष्ट होता है। यह बाहर से हल्का क्रिस्पी, पर अंदर से काफी मुलायम होता है। इसे बनाने के लिए प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च का इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि इससे इसका स्वाद और ज्यादा बढ़ जाता है।
आज हम आपको मूंग दाल का चीला बनाने के बारे में बताएंगे, जिसे आप हरी चटनी या फिर चाय के साथ एंजॉय कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री
मूंग दाल – 1 कप
बेसन – 1/2 कप
टमाटर – 1
प्याज – 1
शिमला मिर्च – 1/2
लहसुन – 4 कलियां
हरी मिर्च – 1
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच
दही – 1/2 कप
हल्दी – 1/4 चम्मच
जीरा पाउडर – 1/2 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1/4 चम्मच
तेल – चीला सेंकने के लिए
विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ समय के लिए पानी में भिगोकर रख दें। इसके बाद इसका पानी निकाल दें और दाल को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें।
इसके बाद तैयार पेस्ट को एक बाउल में निकाल लें और इसमें बेसन डाल दें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बैटर तैयार करें, ताकि इसे आसानी से तवे पर फैलाया जा सके। ध्यान रखें कि बैटर बहुत ज्यादा गाढ़ा या बहुत ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए।
अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, लहसुन और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद हल्दी, जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
अब तवा गर्म करें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं। तवा गर्म होने के बाद बैटर डालें और इसे गोल आकार में अच्छी तरह फैला लें। चीले को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।
आपका मूंग दाल का चीला बनकर तैयार है। इसे हरी चटनी या चाय के साथ गरमा-गरम सर्व करें।