Rice Recipe: कुछ हल्का-फुल्का और टेस्टी खाने का मन हो तो ऐसे में आप मुरमुरे खा सकते हैं। इससे चार्ट, भेलपुरी और नमकीन बनाकर खा सकते हैं। वहीं लोग इसके लिए मुरमुरे बाजार से लाकर खाते हैं, लेकिन आपको बता दें कि इन्हें आप घर में भी आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए आपको किसी खास मशीन की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। बस आप चावल और नमक की मदद से इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं। इस बीच आज हम आपके घर पर मुरमुरे बनाने की आसान रेसिपी के बारे में बताएंगे। तो चलिए जानते हैं घर पर मुरमुरे बनाने का आसान तरीका।
आपको बता दें कि मुरमुरे बनाने के लिए आपको नॉर्मल चावल की जगह उसना चावल लेना है। यह चावल हल्के पीले और थोड़े ट्रांसपेरेंट होते हैं। वहीं, नॉर्मल चावल के मुकाबले ये थोड़े मोटे होते हैं। इन्हीं चावलों से मुरमुरे बनाए जाते हैं। बता दें कि चावल बहुत नए नहीं होने चाहिए। मुरमुरे बनाने के लिए आपको पुराने चावल का इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि वे अच्छी तरह फूल सकें।
इसके लिए आप सबसे पहले एक बर्तन में चावल लें। इसमें एक छोटी चम्मच नमक और आधा से एक चम्मच पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें। आपको बता दें कि चावलों में ज्यादा पानी नहीं डालना है। चावल के हर दाने पर नमक और पानी की हल्की कोटिंग हो जाए, बस आपको इतना ही पानी डालना है।
फिर आप चावलों को एक थाली या साफ कपड़े पर पतली परत में फैला लें। इसे धूप या पंखे के नीचे करीब 15 मिनट के लिए सूखने के लिए रख दें। चावल जब अच्छी तरह सूख जाएं, तब आप मुरमुरे बनाने के लिए इनका इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर चावल में नमी बाकी रह गई हो तो कढ़ाई में डालकर इन्हें हल्का सा रोस्ट कर लें।
अब एक चौड़े मुंह वाला प्रेशर कुकर लें और कुकर की सीटी और रबर निकालकर अलग रख दें। अब इसमें सादा नमक डालें और तेज आंच पर कुछ देर के लिए गर्म कर लें। जब नमक अच्छी तरह गर्म हो जाए तो गैस की आंच धीमी कर दें। इसके बाद इसमें थोड़े-थोड़े चावल डालें और लगातार चलाते रहें।
कुछ ही देर में आपके चावल फूलने लगेंगे और मुरमुरे बनकर तैयार हो जाएंगे। इस दौरान चावल के चटकने की आवाज भी आपको सुनाई देगी। मुरमुरे फूलते ही इन्हें तुरंत छलनी में निकाल लें और नमक से अलग कर दें।
आपके घर पर बने मुरमुरे तैयार हैं। इनका इस्तेमाल आप चाट, भेलपुरी या नमकीन बनाने के लिए कर सकते हैं।