Guest Recipe Tips: कई बार ऐसा होता है कि अचानक से मेहमान आ जाते हैं और एकदम अचानक से समझ में नहीं आता है कि मेहमानों के लिए क्या बनाया जाए। वहीं आज हम आपको इसी समस्या का समाधान बताएंगे कि आप किचन में मौजूद चीजों से कैसे झटपट स्नैक्स या अन्य डिशेज बनाकर मेहमानों को सर्व कर सकते हैं। आपको बता दें कि आप कम समय में स्वादिष्ट स्नैक्स के साथ कई डिशेज बनाकर सर्व कर सकते हैं। ऐसे में हम आपको इस लेख में मखाने से बनने वाली तीन झटपट रेसिपीज के बारे में बताएंगे, जिन्हें खाकर आपके मेहमान आपकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे। तो चलिए जानते हैं इस बारे में।

मसाला मखाना

सबसे पहले बात करते हैं स्नैक्स के बारे में। ऐसे में आप नमकीन बिस्कुट के साथ कुरकुरे मसाला मखाने भी रख सकते हैं। इसके लिए आप कढ़ाई में घी गर्म करें और उसमें मखाने डालकर अच्छे से रोस्ट कर लें। इस तरह मखाने क्रिस्पी हो जाएंगे। इसके बाद गैस बंद कर दें और मखानों में नमक, काली मिर्च पाउडर, चाट मसाला और भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसे आप चाय के साथ सर्व कर सकते हैं।

मखाना करी

वहीं अगर आप मेहमानों के लिए आलू या पनीर की सब्जी के अलावा कुछ और बनाना चाहते हैं, तो आप मखाना करी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में घी डालकर मखानों को हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। फिर दूसरी कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट और टमाटर प्यूरी डालकर भून लें। इसके बाद हल्दी, मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छे से मिला लें। जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें काजू पेस्ट डालें और पानी डालकर उबाल आने तक पकाएं। अंत में इसमें भुने हुए मखाने डालकर अच्छी तरह मिक्स करें और 2 मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर दें। गरमा-गरम मखाना करी तैयार है, जिसे आप रोटी या चावल के साथ सर्व कर सकते हैं।

यह भी पढें- Rajasthani Recipe: घर पर बनाएं स्वादिष्ट राजस्थानी केर की सब्जी, जानें आसान रेसिपी

मखाना खीर

अगर आप मिठाई के तौर पर कुछ सर्व करना चाहते हैं, तो मखाने की खीर एक बेहतरीन विकल्प है। इसके लिए मखानों को घी में हल्का भूनकर अलग रख लें। अब एक बर्तन में दूध उबालें और उसे गाढ़ा होने दें। फिर उसमें भुने हुए मखाने डाल दें। इसके बाद कटे हुए ड्राई फ्रूट डालकर 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। अंत में इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें। आपकी गरमा-गरम और स्वादिष्ट मखाना खीर तैयार है, जिसे आप ठंडा या गरम दोनों तरह से मेहमानों को सर्व कर सकते हैं।