Arbi Recipe: कई घरों में अरबी की सब्जी पसंद नहीं की जाती। इसकी सबसे बड़ी वजह पकने के बाद आने वाली चिपचिपाहट है। हालांकि, अगर अरबी को सही तरीके से तैयार किया जाए और इसमें सही मसालों का इस्तेमाल किया जाए, तो यह बेहद स्वादिष्ट और कुरकुरी बन सकती है। प्याज की मिठास, अजवाइन की खुशबू और अमचूर की खटास से तैयार अरबी की भुजिया रोटी और चावल के साथ खाने का स्वाद बढ़ा देती है। अगर आप रोजाना की सब्जियों से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो प्याज वाली कुरकुरी अरबी की यह रेसिपी जरूर ट्राई कर सकते हैं।
अरबी की भुजिया बनाने के लिए सामग्री
इस रेसिपी के लिए 250 ग्राम अरबी, दो बड़े प्याज, दो बड़े चम्मच सरसों का तेल, एक छोटा चम्मच अजवाइन, एक चौथाई छोटा चम्मच हींग, आधा छोटा चम्मच हल्दी, एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर और आधा छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च लें। इसके अलावा आधा छोटा चम्मच अमचूर, एक चौथाई छोटा चम्मच गरम मसाला, नमक, दो हरी मिर्च, एक छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक और थोड़ा हरा धनिया रखें।
ऐसे करें अरबी की तैयारी
सबसे पहले अरबी को अच्छी तरह धोकर कुकर में एक गिलास पानी और थोड़ा नमक डालें। इसे केवल एक सीटी आने तक पकाएं। ज्यादा पकाने से अरबी नरम होकर टूट सकती है। प्रेशर निकलने के बाद इसे ठंडा करें और छिलके उतारकर गोल या लंबे टुकड़ों में काट लें। अब इसमें थोड़ा अमचूर या नींबू का रस और चुटकीभर नमक मिलाकर पांच मिनट के लिए रख दें।
प्याज और मसालों से बढ़ेगा स्वाद
कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करके अजवाइन, हींग, हरी मिर्च और अदरक डालें। इसके बाद कटे हुए प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब अरबी डालें और हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च व नमक मिलाएं।
अरबी को खुली कड़ाही में मध्यम आंच पर धीरे-धीरे भूनें। बीच-बीच में हल्के हाथ से चलाएं, ताकि टुकड़े टूटें नहीं और बाहरी हिस्सा अच्छी तरह कुरकुरा हो जाए। आखिर में अमचूर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं। ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें।