Rajasthan Education: राजस्थान की स्कूली शिक्षा को विश्वस्तरीय और हाईटेक बनाने की दिशा में भजनलाल सरकार को बड़ी सफलता मिली है। भारत सरकार ने पीएम श्री योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राजस्थान के लिए 226.38 करोड़ के बजट का अनुमोदन किया है। राज्य के 649 पीएम श्री विद्यालयों के लिए यह वित्तीय मंजूरी जारी की गई है। इस बजट से इन स्कूलों में कई आधारभूत सुविधाएं विकसित हो सकेंगी। इस बजट से करीब 52 प्रकार की गतिविधियों के जरिए पीएम श्री स्कूलों को निजी शिक्षण संस्थानों की तर्ज पर पूरी तरह अपग्रेड किया जाएगा।

केंद्र से मिली 226.38 करोड़ की मंजूरी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय की दिल्ली में आयोजित प्रोजेक्ट एप्रूवल बोर्ड की बैठक में इस बजट को मंजूरी दी गई। इस दौरान स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) राजेश यादव और राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस बजट में आवर्ती मद में 215.72 करोड़ रुपए और अनावर्ती मद में 10.66 करोड़ रुपए शामिल हैं।

226 करोड़ से होंगे बड़े बदलाव

इस बजट से निजी स्कूलों की तर्ज पर विद्यार्थियों को एक्सपोजर विजिट भी कराया जाएगा। इसके तहत पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थियों को देश के प्रमुख वैज्ञानिक और ऐतिहासिक संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। इसी तरह से पहली बार सरकारी स्कूलों में समर कैंप भी लगाए जाएंगे।अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव के अनुसार समस्त गतिविधियों के दिशा-निर्देश जिलों एवं विद्यालयों को जारी किए जाएंगे। आपको बता दें कि कक्षा 6 से 12वीं तक के कमजोर विद्यार्थियों के लर्निंग गैप को सुधारने के लिए विशेष अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। ओलिंपियाड, स्वच्छता गतिविधियां की जा सकेगी। म्यूजिक टीचर रखे जा सकेंगे।