Rajasthan Education: सीबीएसई स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सेहत अब स्कूलों की निगरानी में रहेगी। बच्चों में बढ़ते स्क्रीन टाइम, मोबाइल फोन की लत, आउटडोर खेलों में कमी और जंक फूड के बढ़ते सेवन के कारण कम उम्र में फैटी लिवर समेत कई लाइफस्टाइल बीमारियों के मामले सामने आने लगे हैं। इसे देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने देशभर के स्कूलों में बड़ा हेल्थ सर्विलांस प्रोग्राम शुरू किया है। आपको बता दें कि इस कार्यक्रम के तहत अजमेर सहित देशभर के सीबीएसई स्कूलों में 11 से 17 साल तक के विद्यार्थियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, व्यवहार आधारित हेल्थ प्रोफाइलिंग और जागरुकता सत्र होंगे। वहीं बच्चों के खानपान, फिजिकल एक्टिविटी, स्क्रीन टाइम और मोटापे के स्तर का आकलन कर यह देखा जाएगा कि वे भविष्य की गंभीर बीमारियों की ओर तो नहीं बढ़ रहे हैं।
यंग स्ट्रॉन्गर इंडिया थ्रूअ मिलियन हेल्थ एजुकेटेड स्टूडेंट्स
आपकी जानकारी केलिए बतता दें कि सीबीएसई ने इसे वाई-स्माइल्स (यंग स्ट्रॉन्गर इंडिया थ्रूअ मिलियन हेल्थ एजुकेटेड स्टूडेंट्स) नाम दिया है। इसकी आधिकारिक शुरुआत के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे देशभर के स्कूलों के लिए ऑनलाइन ओरिएंटेशन वेबिनार होगा। बताते चलें कि अजमेर के 15 से ज्यादा बड़े स्कूलों में यह शुरू होगा। इन स्कूलों को अभिभावकों की सहमति लेकर बच्चों की बेसिक हेल्थ जानकारी, लाइफस्टाइल पैटर्न व स्वास्थ्य जोखिम से जुड़ी सूचनाएं साझा करनी होंगी। आईएलबीएस की टीम मॉड्यूल के अनुसार हेल्थ एजुकेशन और परामर्श सत्र संचालित करेगी।
हेल्थ एजुकेशन और काउंसलिंग सेशन आयोजित किया जाएगा
आईएलबीएस की विशेषज्ञ टीम तय मॉड्यूल के अनुसार स्कूलों में हेल्थ एजुकेशन और काउंसलिंग सेशन भी आयोजित करेगी। वहीं जो स्कूल इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करेंगे, उन्हें “CBSE हेल्थ प्रमोशन स्कूल” के रूप में मान्यता दी जाएगी। साथ ही नोडल शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।