Girls Career Guidance:10वीं के बाद करियर को लेकर असमंजस में रहने वाली छात्राओं के लिए राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज ने रोजगारोन्मुखी तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यहां केवल इंजीनियरिंग ही नहीं, बल्कि ब्यूटी कल्चर और फैशन क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल डिप्लोमा कोर्स भी छात्राएं कर सकेंगी। आपको बता दें कि वहीं प्रवेश के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं है। ऐसे में उन महिलाओं के लिए यह सुनहरा मौका है जो बीच में पढ़ाई छोड़ चुकी थीं।
10वीं के अंकों पर मिलेगा प्रवेश
अजमेर संभाग के एकमात्र राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में इस वर्ष चार प्रमुख डिप्लोमा कोसों में प्रवेश दिए जा रहे हैं। इनमें कंप्यूटर साइंस और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग जैसे तकनीकी पाठ्यक्रमों के साथ ब्यूटी कल्चर तथा कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग एंड ड्रेस मेकिंग जैसे स्किल आधारित कोर्स शामिल हैं। वहीं सभी कोर्सों में प्रवेश 10वीं कक्षा के प्राप्तांकों की मेरिट के आधार पर होगा।
यह भी पढ़ें- JEE Advanced Result 2026: आपकी रैंक पर कौन-सी IIT और ब्रांच मिल सकती है? जानें पूरी डिटेल
9 जून तक करें आवेदन
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्सों में लैटरल एंट्री की सुविधा भी उपलब्ध है। आईटीआई, 12वीं विज्ञान वर्ग, वोकेशनल कोर्स अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण छात्राएं सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन सकेंगी। इससे एक वर्ष की बचत के साथ तकनीकी शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। प्रिंसिपल सुनीता जैन ने बताया कि कंप्यूटर साइंस और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में 30-30 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि ब्यूटी कल्चर और कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग एंड ड्रेस मेकिंग में 40-40 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। वर्तमान समय में आईटी, डिजिटल सेवाओं, फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री में बढ़ते रोजगार अवसरों को देखते हुए इन कोर्सों की उपयोगिता बढ़ी है। 9 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे।