Rajasthan Weather: राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग के मुताबिक जयपुर के साथ राजस्थान के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी शुरू होने वाली है। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा परिस्थितियों को देखते हुए कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कुछ दिनों से मौसम में बदलाव जारी है। बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ घंटों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।

तूफानी हवाएं चलने की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के दो अलग-अलग हिस्सों में तेज गति से आंधी, गरज और वज्रपात की आशंका है। राजस्थान की राजधानी जयपुर, टोंक, अजमेर, ब्यावर और सवाई माधोपुर जिलों में बादल गरजने के साथ बिजली चमकने की भी संभावना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी भी चल सकती है।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बूंदी, कोटा सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। यहां बादल गरजने और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। वहीं दौसा, भीलवाड़ा, पाली समेत कुछ इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे बाहर किसी भारी वस्तु, बिजली के खंभे, पेड़ या होर्डिंग के नीचे खड़े न हों।