Rajasthan Weather: राजस्थान में गर्मी का कहर लगातार जारी है। गर्मी इतनी ज्यादा है कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, पश्चिमी हिस्सों की बात करें तो राजस्थान में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बीते दिन यानी रविवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही आपको बता दें कि चूरू में 44.9 डिग्री सेल्सियस और फलोदी में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं, जयपुर में आज 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक जयपुर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि अगले तीन से चार दिन तक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

विभाग का कहना है कि 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर भीषण लू की स्थिति भी बन सकती है। मौसम केंद्र के मुताबिक 28 और 29 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। ऐसे में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बारिश होने की आशंका भी जताई जा रही है।

मौसम विभाग ने हवा और बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद जताई है। इसके साथ ही मौसम विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश की गतिविधियां जून के पहले हफ्ते तक जारी रह सकती हैं। ऐसे में लोगों को बीच-बीच में गर्मी से राहत मिलती रहेगी।