Deeg Crime News: डीग जिले में घर के बाहर युवक को घूमने से टोका ने गुस्साए युवक ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात कर भाग रहे युवक को आसपास मौजूद ग्रामीणों ने करीब 200 मीटर पीछा कर पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। घटना जिले के जनूथर थाना क्षेत्र के मवई गांव में रविवार की सुबह करीब 8 बजे हुई।

पुलिस ने बताया कि लहूलुहान हालत में परिजन और ग्रामीणों ने गीता (60) को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। जबकि आरोपी कान्हा (24) को पीछा कर पकड़कर पुलिस को सौंप दिया घर के बाहर घूमने पर जताई थी आपत्तिः मृतका के पति जीत सिंह के अनुसार, आरोपी कान्हा उनके घर से करीब 100 मीटर दूर रहता है और अक्सर उनके घर के बाहर घूमता रहता था। रविवार को जब गीता ने उसे वहां खड़े होने से मना किया, तो कान्हा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर चला गया।

खेत से लौटते समय मारी गोली: कहासुनी के करीब एक घंटे बाद कान्हा दोबारा पीड़िता के घर के बाहर आ खड़ा हुआ। जैसे ही गीता पशुओं का चारा लेकर खेत से वापस घर की तरफ आईं, कान्हा ने कट्टे से उनके सीने में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी कान्हा को ग्रामीणों ने करीब 200 मीटर तक पीछा करके मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पीड़िता को तुरंत भरतपुर के आरबीएम (RBM) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने आरोपी कान्हा और उसके पास से बरामद हथियार को पुलिस के हवाले कर दिया। जनूथर थाने के हेड कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव का आरबीएम अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है।