Rajasthan Housing Scheme : किशनगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए राजस्थान आवासन मंडल ने आवास का अवसर दिया है। मंडल ने खोड़ा गणेश रोड स्थित आवासीय योजना के फेज चतुर्थ के प्रथम चरण में वर्ष 2026 की विशेष पंजीकरण योजना शुरू की गई है। इसके तहत मध्यम और उच्च आय वर्ग के लिए कुल 90 मकान उपलब्ध करवाए जाएंगे। खास बात यह है कि आवेदकों को मकान की अनुमानित कीमत के भुगतान के लिए 13 साल में 156 मासिक किस्तों की सुविधा दी गई है। योजना में मध्यम आय वर्ग-अ के लिए 26, मध्यम आय वर्ग-ब के लिए 40 और उच्च आय वर्ग के लिए 24 मकान आरक्षित किए गए हैं। यानी मध्यम आय वर्ग के लिए कुल 66 और उच्च आय वर्ग के लिए 24 आवास उपलब्ध होंगे।
आय वर्ग अनुसार भूखंड-मकान
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि योजना में आय वर्ग के अनुसार भूखंड और मकान का आकार तथा अनुमानित कीमत तय की गई है। मध्यम आय वर्ग-अ के लिए 120 वर्गमीटर का भूखंड और 73 वर्गमीटर निर्मित क्षेत्रफल का मकान प्रस्तावित है। करीब 785 वर्गफीट निर्मित क्षेत्रफल वाले इस मकान की अनुमानित कीमत 40.06 लाख रुपए रखी गई है। मध्यम आय वर्ग-ब के लिए 162 वर्गमीटर का भूखंड और 90 वर्गमीटर निर्मित क्षेत्रफल का मकान मिलेगा। करीब 968 वर्गफीट के इस मकान की अनुमानित लागत 54.73 लाख रुपए है। इसी तरह उच्च आय वर्ग के लिए 210 वर्गमीटर का भूखंड और 105 वर्गमीटर निर्मित क्षेत्रफल का मकान प्रस्तावित है। करीब 1129 वर्गफीट निर्मित क्षेत्रफल वाले इस मकान की अनुमानित कीमत 68.43 लाख रुपए निर्धारित की गई है।
राजस्थान आवासन मंडल के अनुसार योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 17 अक्टूबर से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक आवेदक 1 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। योजना की शर्तों, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.rhb.rajasthan. gov.in पर उपलब्ध है।