Government Schools: जोधपुर में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में दीपावली की छुट्टियों को लेकर टीचर और स्टूडेंट्स में असमंजस की स्थिति बन गई है। वहीं 4 नवंबर से 15 नवंबर तक छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। इसके साथ ही शिक्षा विभाग ने 1 से 7 नवंबर तक स्कूलों में 'ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक' आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि जोधपुर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) ने 30 अक्टूबर को आदेश जारी कर सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में ब्रिक्स सप्ताह का आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इस मुद्दे पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान जोधपुर भरत कुमार ने बताया कि विभाग की तरफ से हमें आदेश मिले थे तो हमने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को प्रेषित कर दिए।बच्चे अच्छी जीवनशैली, पर्यावरण के बारे में जागरूक हों, यह अच्छी बात है। छुट्टियां शुरू होने से पहले कार्यक्रमों के संबंध में विभाग की तरफ से मंगलवार को दूसरे आदेश आते हैं तो उन्हें भेज कर लागू कर दिया जाएगा।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शिक्षा विभाग के निर्धारित शिविरा पंचांग के मुताबिक, 4 नवंबर से 15 नवंबर तक दीपावली की छुट्टियां रहेंगी। इस दौरान स्टूडेंट्स के साथ टीचरों को भी छुट्टी मिलेगी। वहीं लगातार 12 दिन की छुट्टियों के बाद 16 नवंबर से स्कूलों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां फिर शुरू होंगी। 8 नवंबर को दीपावली, 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा, 11 नवंबर को भाई दूज का त्योहार है।