Rajasthan News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सोमवार सुबह सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मजदूर झुलस गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने धरना शुरू कर दिया।

उदयपुरवाटी के SHO रामपाल ने बताया कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रही रोड़ी-बजरी मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार से छू गया। इससे मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में कई मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने कलेक्टर को बुलाने की मांग की

हादसे के बाद ग्रामीणों ने घटनास्थल पर धरना शुरू कर दिया। लोग जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। अधिकारियों के अनुसार, कलेक्टर कुछ देर में गांव पहुंचने वाले हैं। वहीं, ग्रामीण रोहिताश्व ने बताया कि 11 केवी की बिजली लाइन पहले रास्ते से दूर थी, लेकिन कुछ दिन पहले इसे बदलकर सड़क के ऊपर से गुजारा गया था। तार नीचे होने के कारण यह हादसा हुआ।

पूर्व मंत्री ने मुआवजे की मांग की

पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि मृतक मजदूर बेहद गरीब परिवारों से थे। उन्होंने बताया कि यह जगह हादसों के लिहाज से संवेदनशील है और यहां हर साल 7-8 लोगों की मौत हो जाती है। गुढ़ा के अनुसार, उनकी मुख्यमंत्री से बात हुई है। मंत्री झाबर सिंह खर्रा, कलेक्टर और एसपी भी मौके पर मौजूद हैं।