Rajasthan News: जयपुर परकोटे में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था के विरोध में 400 दुकानदार दुकानें बंद कर सड़क पर उतर गए हैं। व्यापारियों ने कहा- सुभाष चौक से हवा महल जाने वाले रूट को डायवर्ट किया गया है। इस व्यवस्था से क्षेत्र में ग्राहकों की आवाजाही काफी कम हो गई है। जिसका व्यापार पर असर पड़ रहा है।शनिवार सुबह सुभाष चौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और महामंत्री महावीर शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था का विरोध किया।  सुबह सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ तक की दुकानें बंद हैं। दुकानदार बड़ी चौपड़ पर हवा महल के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ट्रैफिक डीसीपी को ज्ञापन देंगे। 

जयपुर में वन-वे के खिलाफ बाजार बंद

हवा महल पर व्यापारियों के प्रदर्शन के चलते एक रूट पर ट्रैफिक बाधित है।जबकि दूसरी तरफ वाहन रेंग- रेंगकर चल रहे हैं। जयपुर में वन वे किए जाने के बाद टूरिस्ट गाइड्स भी लामबंद हो गए हैं। वहीं बता दें कि जयपुर टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन सिंह राजपुरा ने कहा कि आओ घूमो और देखो, लेकिन जयपुर के लिए कहा जाता है कि आओ घूमो देखो और कब बंद हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता।

जयपुर परकोटे में ट्रैफिक व्यवस्था पर विरोध प्रदर्शन

चांदी की टकसाल का फूड पॉइंट दुकानें बंद रहने से सूना नजर आया है। जयपुर की फेमस प्याज की कचौरी, मिर्ची बड़ा, समोसा बेचने वाले व्यापारियों ने दुकान बंद रखकर विरोध जताया। वन-वे किए जाने के विरोध में पुराना आमेर रोड, सुभाष चौक व्यापार मंडल, चांदी की टकसाल व्यापार मंडल और हवा महल व्यापार मंडल के सभी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान दुकान बंद करके हवा महल के सामने विरोध किया और सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी हमारा फिलहाल 3 घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन है। इस दौरान हमने सुबह से अपनी दुकानें बंद कर रखी हैं। यदि मांगें नहीं मानी गई तो बड़ा आंदोलन करेंगे।