Diwali 2026: दीपावली पर जयपुर के बाजारों की सजावटी रोशनी पर बिजली का खर्च कम होगा। जयपुर डिस्कॉम ने बाजारों की सजावट के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शनों पर लगने वाला डेढ़ गुना टैरिफ खत्म कर दिया है। अब व्यापारिक संगठनों को सामान्य अघरेलू (कॉमर्शियल) श्रेणी की दरों पर बिजली मिलेगी। इससे ऊर्जा शुल्क में 33.33% की कमी आएगी। जयपुर डिस्कॉम की सीएमडी आरती डोगरा की मंजूरी के बाद आदेश जारी कर दिए हैं। अब तक दीपावली पर बाजारों की सजावट के लिए अस्थायी कनेक्शन लेने पर सामान्य दर से 50% अधिक टैरिफ देना पड़ता था।
पिछले दिनों जयपुर व्यापार महासंघ, घी वालों का रास्ता सहित अन्य व्यापारिक संगठनों ने रियायती बिजली की मांग उठाई थी। राहत मिलने पर जयपुर व्यापार संघ के उपाध्यक्ष नीरज लुहाड़िया सहित सभी संगठनों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और डिस्कॉम प्रशासन का आभार जताया है। शहर के 200 से अधिक बाजारों में कनेक्शनों के आवेदन किए गए हैं। सजावट के लिए अस्थायी बिजली पिछले साल करीब 75 अस्थायी कनेक्शन लिए गए थे। इनसे तीन दिन में एक से सवा लाख यूनिट बिजली खपत का अनुमान था। दुकानों और कॉम्प्लेक्स के स्थायी कनेक्शनों को मिलाकर सजावटी रोशनी की कुल खपत करीब तीन लाख यूनिट आंकी गई थी।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस बार भी बड़े पैमाने पर सजावट की उम्मीद है। टैरिफ में राहत के बाद अब समय पर कनेक्शन जारी करना चुनौती होगी। सजावट से पहले आवेदन, तकनीकी स्वीकृति, मीटर और बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पूरी करनी होगी। ऐसे में देखना होगा कि डिस्कॉम व्यापारिक संगठनों को समय पर कनेक्शन उपलब्ध करा पाता है या व्यापारियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ेंगे।