Bharatpur News: भरतपुर जिले में पिछले 3 दिनों से किसान बेमौसम बारिश से जूझ रहे हैं। बारिश आंधी-तूफान और ओलावृष्टि किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जिससे खेतों में पूरी तरह से पकी खड़ी और कटी पड़ी गेहूं फसलें खराब होने की कगार पर हैं। किसानों का कहना है फसल को सूखाने की कोशिश की जाती है तब तक बारिश हो जाती है। इस स्थिति के कारण उनकी साल भर की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। बेमौसम बारिश से पिछले महीने सरसों और गेहूं की फसल भीग गई थी। जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिले के निभेरा, नगला बोसीली, कंजोली, सीदपुरा, दाहिना और माडापुरा सहित कई गांव में तो गेहूं की फसल मे 80 प्रतिशत का नुकसान है। किसान का कहना है कि हजारों रुपए लगाकर गेहूं की खेती की थी, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी मेहनत को बेकार कर दिया। फसल में भारी नुकसान होने की वजह से अब उनको कर्ज चुकाने की चिंता सता रही है।
किसानों की बढ़ी चिंता
किसानों का कहना है कि उनके खेत में गेंहू की फसल पूरी तरह पक कर तैयार है और कुछ फसल कट भी गई है। लेकिन बारिश के कारण फसल को घर नहीं ला पा रहे हैं। लंबे समय तक खेतों में भीगी रहने के कारण अब गेहूं का दाना काला पड़ने लगा है और चारा भी बर्बाद हो रहा है।
किसान फसल खराबे की सूचना ऐसे कराए दर्ज
किसान को फसल कटाई के बाद 14 दिनों के भीतर बारिश या ओलावृष्टि से नुकसान होता है तो इसकी सूचना 72 घंटे के भीतर देनी होती है। बीमा कंपनी के सर्वेयर 10 दिन के अंदर सर्वे पूरा करते हैं। किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं या मोबाइल पर क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के जरिए सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 7065514447 पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।