Kitchen Hacks: सोशल मीडिया के दौर में आजकल महिलाएं घर के कामों को आसान बनाने के लिए कई घरेलू उपाय अपनाती हैं।  साफ-सफाई के लिए रसोईघर में मौजूद कई चीजें मौजूद होती हैं, जो रोजमर्रा की परेशानियों का समाधान भी करती हैं। इन्हीं में से दो बेहद काम की चीजें हैं सफेद सिरका और तेज पत्ता। बहुत कम लोग जानते हैं कि इन दोनों का मिश्रण घर की कई समस्याओं का समाधान बन सकता है। तो आइए जानते हैं इसके बारे में।

सबसे पहले इस मिश्रण को बनाने के लिए एक कांच का जार लें। इसमें 500 मिलीलीटर सफेद सिरका और 8 से 10 तेज पत्ते डाल दें। इसके बाद जार को ढक्कन से अच्छी तरह बंद करके किसी ठंडी और अंधेरी जगह पर रख दें। इस मिश्रण को कम से कम 14 दिनों तक ऐसे ही रहने दें। तय समय के बाद इसे छानकर एक स्प्रे बोतल में भर लें। यदि मिश्रण आपको ज्यादा गाढ़ा लगे, तो इसमें थोड़ा पानी मिलाया जा सकता है। इसके बाद आप इसका आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सफेद सिरका घर की सफाई में बेहद कारगर माना जाता है। यह जिद्दी दाग-धब्बों को हटाने में मदद करता है। वहीं तेज पत्ते में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं, जो सफाई को और प्रभावी बनाते हैं। अगर आप फ्रिज के अंदर की सफाई करना चाहते हैं, तो इस मिश्रण का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह फ्रिज से आने वाली बदबू को दूर करने में मदद करता है। यदि घर की कोई अलमारी लंबे समय से बंद पड़ी है और उसमें सीलन की महक आ रही है, तो उस बदबू को दूर करने के लिए भी इस मिश्रण का उपयोग किया जा सकता है।

इसके अलावा किचन के काउंटरटॉप और टाइल्स पर जमे तेल और मसालों के दाग-धब्बों को साफ करने के लिए भी यह मिश्रण काफी असरदार है। आप इलेक्ट्रॉनिक सामान के बाहरी हिस्से को साफ और चमकदार बनाने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसकी मदद से चीजें साफ और चमकदार नजर आने लगती हैं।

यह भी पढ़ें- Monsoon Tips: बरसात में गीले जूतों को खराब होने से बचाने के आसान उपाय, अपनाएं ये घरेलू टिप्स

बैक्टीरिया और गंदगी को दूर करने के लिए दरवाजों के हैंडल, स्विच बोर्ड और अन्य बाहरी सतहों की सफाई भी इस मिश्रण से की जा सकती है। यदि आप केमिकल युक्त क्लीनर के बजाय प्राकृतिक विकल्प अपनाना चाहते हैं, तो सफेद सिरका और तेज पत्ते का यह मिश्रण एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।