Watermelon Hacks: गर्मियों में आम के अलावा बाजार में तरबूज भी काफी ज्यादा देखने को मिलता है। यह खाने में स्वादिष्ट होता है, साथ ही शरीर को ठंडक देने का भी काम करता है। वहीं सीजन में तरबूज का सेवन ज्यादा किया जाता है। कुछ लोग इसे काटकर खाना पसंद करते हैं, तो कुछ लोग इसका शरबत बनाकर पीते हैं।
वहीं ज्यादातर लोग तरबूज के छिलकों और बीजों को बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन आपको शायद यह जानकर हैरानी होगी कि आप इसका इस्तेमाल भी कर सकते हैं। ऐसे में आज हम आपको इस लेख में तरबूज के छिलकों का इस्तेमाल करने का तरीका बताएंगे, जिसके बाद आप इन्हें फेंकेंगे नहीं। तो चलिए जानते हैं।
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि तरबूज के छिलके की सब्जी भी बनाकर खाई जाती है। इसके लिए आप छिलके पर मौजूद लाल हिस्से को हटाकर हरे छिलके को छील लें। इसके बाद सफेद भाग के छोटे-छोटे टुकड़े काट लें। अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा तड़काएं। फिर हरी मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालें। इसके बाद कटे हुए टुकड़े डालकर अच्छे से पकाएं। जब यह नरम हो जाए, तो आखिर में अमचूर और हरा धनिया डालकर सर्व करें।
तरबूज के छिलकों से आप खाद भी बना सकते हैं। इसमें नाइट्रोजन और पोटैशियम मौजूद होता है, जो पौधों के लिए फायदेमंद होता है। खाद बनाने के लिए आप छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर धूप में सुखा लें। इसके बाद इन्हें पीसकर पाउडर बना लें और मिट्टी में मिला दें। इसके साथ ही आप छिलकों को 2 से 3 दिन पानी में भिगोकर रखें और उस पानी को भी पौधों में डाल सकते हैं।
तरबूज के छिलकों का इस्तेमाल स्किन केयर में भी किया जा सकता है। यह नेचुरल कूलेंट का काम करता है और चेहरे पर ग्लो लाने में मददगार होता है। इसमें विटामिन A, C और लाइकोपीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो स्किन में निखार लाने का काम करता है। इसके लिए आप छिलके के सफेद हिस्से को चेहरे पर 5 से 10 मिनट तक रगड़ सकते हैं। यह सनबर्न को कम करने में भी मदद करता है।