Skin Care Tips: ग्लोइंग स्किन पाने के लिए लोग कई तरह के उपाय आजमाते हैं। ऐसे में कुछ महिलाएं पार्लर जाकर महंगे फेशियल करवाती हैं, वहीं कुछ महिलाएं घरेलू नुस्खों को पसंद करती हैं। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आप अपने स्किन केयर रूटीन में लौंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। आपको बता दें कि लौंग में कई प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो त्वचा के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। हालांकि, लौंग को कभी भी सीधे चेहरे पर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इसे शहद और एलोवेरा जेल जैसी चीजों के साथ मिलाकर फेस पैक तैयार करना चाहिए। आज हम आपको इस लेख में लौंग से बने फेस पैक के बारे में बताएंगे। अगर आप अपने चेहरे को फ्रेश और ग्लोइंग बनाना चाहते हैं, तो यह उपाय आजमा सकते हैं।
ऐसे करें इस्तेमाल
इसके लिए सबसे पहले एक चुटकी लौंग का बारीक पाउडर लें। इसमें एक चम्मच शुद्ध एलोवेरा जेल और एक छोटा चम्मच शहद डालकर अच्छी तरह मिलाएं और स्मूथ पेस्ट तैयार कर लें।
अब चेहरे को फेस वॉश से अच्छी तरह साफ करें। इसके बाद तैयार किए गए फेस पैक को चेहरे पर पतली लेयर में लगाएं। इसे करीब 15 मिनट तक लगा रहने दें। समय पूरा होने के बाद सामान्य पानी से चेहरा धो लें।
चेहरा सुखाने के बाद मॉइश्चराइजर लगाएं। इस फेस पैक का इस्तेमाल महीने में दो बार किया जा सकता है। इसे लगाने से त्वचा साफ और फ्रेश नजर आ सकती है और चेहरे पर प्राकृतिक निखार आ सकता है।
अगर आपकी त्वचा बहुत सेंसिटिव है, तो इस फेस पैक को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें।