Shoe Care Tips: बरसात के मौसम में जूते गीले होना बहुत ही आम बात है। वहीं, अगर इसकी सही देखभाल न की जाए तो इसमें बदबू और फंगस लग जाते हैं, जिस वजह से जूते जल्दी खराब हो जाते हैं। ऐसे में कई बार लोग काफी ज्यादा दुखी भी होते हैं, क्योंकि बरसात के मौसम में उनके फेवरेट जूतों को नुकसान पहुंचता है। ऐसे में आप घरेलू उपाय अपनाकर अपने जूतों को बचा सकते हैं। आज हम आपको इस लेख में बताएंगे कि आप कैसे बरसात के मौसम में अपने जूतों को खराब होने से बचा सकते हैं। 

अपनाएं ये टिप्स

आपको बता दें कि जब भी आपके जूते गीले हो जाएं, तो सबसे पहले उनमें जमा पानी निकाल दें। अगर हो सके तो उनके फीते और सोल निकालकर अलग रख दें, ताकि हवा अच्छी तरह पहुंच सके। ऐसा करने से आपके जूते जल्दी सूख जाते हैं।

आप गीले जूतों को सुखाने के लिए अखबार का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए जूतों के अंदर अखबार भर दें। ऐसा करने से अखबार नमी को अच्छी तरह सोख लेता है और जूतों का शेप भी बना रहता है। अगर आपके जूते बहुत ज्यादा गीले हैं, तो उन्हें सुखाने के लिए अखबार को बीच-बीच में बदलते रहें। इससे नमी जल्दी खत्म हो जाएगी।

जूते सुखाने के लिए उन्हें तेज धूप में रखने की बजाय किसी हवादार जगह पर रखें या फिर पंखे के सामने रख दें। लगातार हवा मिलने से जूते धीरे-धीरे सूख जाते हैं और सुरक्षित भी बने रहते हैं। अगर आप जूतों को तेज धूप में सुखाते हैं, तो उनका रंग फीका पड़ सकता है और उनकी गोंद भी कमजोर हो सकती है।

यह भी पढ़ें- Skincare Routine: चेहरे पर चाहिए नेचुरल ग्लो? रोज अपनाएं ये 5 आसान स्किन केयर टिप्स

जूते को लगातार घुमा-घुमाकर हवा देते रहें। ऐसा करने से जूते जल्दी सूखेंगे और उनकी गुणवत्ता भी खराब नहीं होगी। अगर आपके घर में सिलिका जेल मौजूद है, तो इसका इस्तेमाल भी जूतों को बचाने के लिए किया जा सकता है। आप सिलिका जेल का पैकेट जूतों के अंदर कुछ घंटों के लिए रख दें।

आप साफ कपड़े में थोड़ा सा नमक बांधकर उसे जूतों के अंदर रख सकते हैं। ऐसा करने से नमक जूतों की नमी को तेजी से सोख लेता है।