Kids Summer Activities: जैसे कि स्कूलों में छुट्टियां दे दी गई हैं, ऐसे में सभी बच्चे घर पर ज्यादा समय बिता रहे हैं। बच्चों के लिए बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में बच्चे ज्यादातर अपना समय मोबाइल, टीवी या अन्य गैजेट्स पर बिता रहे हैं, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। वहीं, कुछ पेरेंट्स को यह भी समझ नहीं आ रहा है कि वे बच्चों के मोबाइल और गैजेट्स के इस्तेमाल में संतुलन कैसे बनाए रखें। कई माता-पिता इस बात को लेकर भी कन्फ्यूज हैं कि बच्चों को किस तरह व्यस्त रखें, ताकि वे तनावमुक्त रहें और फोन व टीवी पर ज्यादा समय न बिताएं। अगर आप भी इसी तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं, तो यह लेख आपके लिए कारगर साबित हो सकता है। क्योंकि आज हम आपको इस भीषण गर्मी में बच्चों के लिए कुछ ऐसी एक्टिविटीज बताएंगे, जिन्हें आप घर पर करवा सकते हैं। इससे उन्हें मजा भी आएगा और उनका मानसिक तनाव भी दूर होगा। तो चलिए जानते हैं।

घर में ही रस्सी कूदने के लिए कहें

तेज धूप और लू में बच्चों को बाहर भेजना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में आप बच्चों को घर में ही रस्सी कूदने के लिए कह सकते हैं। वहीं, आप डांस या स्ट्रेचिंग जैसी एक्टिविटीज भी करवा सकते हैं। अगर आपके आसपास के घरों में भी बच्चे हैं, तो आप उन्हें एक जगह इकट्ठा करके लूडो, सुडोकू, सांप-सीढ़ी जैसे गेम्स खेलने के लिए कह सकते हैं।

छोटे-छोटे खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित करें

ऐसे में बच्चों को छोटे-छोटे खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित करें। इससे बच्चों का उत्साह भी बना रहेगा और वे बोर भी महसूस नहीं करेंगे। इस तरह के खेल बच्चों के दिमाग को एक्टिव रखते हैं और तनाव कम करने में मदद करते हैं।

सुबह जल्दी उठाकर मॉर्निंग वॉक पर ले जाएं

दिन के समय धूप ज्यादा रहती है, इसलिए आप बच्चों को सुबह जल्दी उठाकर मॉर्निंग वॉक पर ले जा सकते हैं। इससे उन्हें ताजी हवा मिलेगी। घर लौटने के बाद 15 से 20 मिनट तक योग भी करवा सकते हैं। इससे उनका पूरा दिन बेहतर और शांत रहेगा।

पार्क में दोस्तों के साथ साइकिलिंग करने के लिए ले जाएं

शाम के समय आप बच्चों को घर के पास या किसी पार्क में दोस्तों के साथ साइकिलिंग करने के लिए ले जा सकते हैं। यह एक बेहतरीन एरोबिक एक्सरसाइज है। इससे बच्चों को रात में अच्छी नींद भी आती है।

इन बातों पर ध्यान दें

एक्टिविटीज के साथ-साथ बच्चों के खान-पान का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है। गर्मियों में बच्चे अक्सर कम पानी पीते हैं, इसलिए आप उन्हें सादा पानी देने के बजाय उसमें ओआरएस या नींबू मिलाकर दे सकते हैं। दिन के समय उन्हें छाछ, आम पन्ना, सत्तू का शरबत या तरबूज का जूस भी दे सकते हैं। इससे वे पूरे दिन ऊर्जावान महसूस करेंगे।

गर्मियों के मौसम में बच्चों को मौसमी फल जरूर खाने के लिए दें, जैसे आम, स्ट्रॉबेरी, खरबूजा और केला। आप चाहें तो ओट्स में केला, दूध या दही मिलाकर भी दे सकते हैं। यह जल्दी पच जाता है और बच्चे का पेट भी ठंडा रखता है। दही में प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो पाचन तंत्र के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं।