Refrigerator Efficiency Tips: फ्रिज आपको लगभग हर घर में आसानी से मिल जाएगा। वहीं पानी ठंडा रखने से लेकर दूध, सब्जियां और बचा हुआ खाना स्टोर करने के लिए इसका दिन-रात इस्तेमाल किया जाता है। ज्यादातर लोग सिर्फ इसकी बाहरी सफाई पर ध्यान देते हैं और इसे बाहर से साफ करते हैं। ऐसे में लोग दरवाजे तो साफ कर लेते हैं, लेकिन इसके पूरे सिस्टम की सफाई पर ध्यान नहीं देते हैं। इसी वजह से फ्रिज पहले जैसी कूलिंग नहीं दे पाता है और कई बार जरूरत से ज्यादा गर्म होने लगता है या फिर बिजली की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में आज हम आपको इस लेख में बताएंगे कि आपको फ्रिज की सफाई करते वक्त किन बातों पर ध्यान देना है, ताकि आपका फ्रिज पहले की तरह कूलिंग करे और बिजली का बिल भी ज्यादा न आए।
जानिए फ्रिज की बेहतर कूलिंग का राज
पुराने रेफ्रिजरेटर में कंडेंसर कॉइल या जाली अक्सर पीछे खुली दिखाई देती थी। इन कॉइल्स का काम फ्रिज के अंदर की गर्मी को बाहर निकालना होता था। लेकिन समय के साथ मिट्टी, धूल और किचन की गंदगी उस पर जम जाती थी। इस वजह से जाली बहुत गंदी हो जाती थी और गर्मी बाहर निकलने में दिक्कत होती थी। इससे कूलिंग कम होने लगती थी और कंप्रेसर पर ज्यादा दबाव पड़ता था। इसलिए आपको फ्रिज की कूलिंग बनाए रखने के लिए पिछले हिस्से की नियमित सफाई करनी जरूरी होती है इसके लिए सबसे पहले फ्रिज का प्लग बाहर निकाल दें। फिर इसके पीछे वाले हिस्से को सॉफ्ट ब्रश या कपड़े से साफ करें। जरूरत पड़ने पर आप जमी हुई धूल को वैक्यूम क्लीनर या ब्लोअर से भी साफ कर सकते हैं। इसके साथ ही ध्यान रखें कि ब्लोअर को फ्रिज से थोड़ी दूरी पर रखकर इस्तेमाल करें, वरना ज्यादा प्रेशर की वजह से फ्रिज को नुकसान हो सकता है।
फ्रिज की रेगुलर सफाई से बच सकता है कंप्रेसर
अगर आपके घर में नया रेफ्रिजरेटर है, तो उसकी सफाई का तरीका थोड़ा अलग होता है। आजकल नए रेफ्रिजरेटर में कंडेंसर कॉइल पीछे खुली नजर नहीं आती है। डबल डोर या फ्रॉस्ट-फ्री मॉडल में इन्हें बॉडी के अंदर फिट किया जाता है। मॉडर्न रेफ्रिजरेटर में सीधे कंडेंसर कॉइल्स तक पहुंचना हर बार आसान नहीं होता। इसलिए मुख्य रूप से वेंटिलेशन एरिया और एयर फ्लो वाले हिस्से को साफ रखना जरूरी होता है। इसकी बेसिक सफाई ही काफी होती है। यानी आप पीछे और नीचे जमी धूल को समय-समय पर हटाते रहें, ताकि हवा का सही फ्लो बना रहे।
इसके लिए नीचे लगी वेंटिलेशन ग्रिल को आप ब्रश या वैक्यूम क्लीनर की मदद से साफ कर सकते हैं। वहीं फ्रिज को दीवार से थोड़ा दूर रखकर रखें, ताकि हवा का फ्लो बना रहे। साथ ही पूरी तरह बंद या बॉडी के अंदर फिट कॉइल वाले फ्रिज में ज्यादा छेड़छाड़ न करें। अगर फ्रिज जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है, पहले जैसी कूलिंग नहीं दे रहा है या फिर कंप्रेसर लगातार असामान्य आवाज दे रहा है, तो ऐसे में किसी टेक्नीशियन को बुलाकर चेक करवा लें। इसके साथ ही इन बातों का ध्यान रखें कि आप कॉइल्स को जोर से न रगड़ें और उन पर सीधे पानी न डालें, क्योंकि इससे नुकसान हो सकता है।