Ghar Par Hair Gel Kaise Banayein: बालों को स्टाइलिश लुक देने के लिए महंगे सैलून और हेयर प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं है। आप घर पर तैयार किए गए हेयर जेल की मदद से भी मनचाहा हेयर स्टाइल बना सकते हैं। बाजार में मिलने वाले कई हेयर जेल में केमिकल्स होते हैं, जो बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं और उन्हें बेजान और रूखा बना सकते हैं। ऐसे में आप घर पर बने नेचुरल हेयर जेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि यह हेयर जेल बहुत ही जल्दी बनकर तैयार हो जाता है और बालों को बेहतर बनाने में भी मदद करता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
जानें हेयर जेल बनाने का तरीका
आप एलोवेरा जेल की मदद से आसानी से हेयर जेल बना सकते हैं। यह बालों को अच्छा होल्ड देता है और चिपचिपापन भी कम रहता है। इसे आप रोजाना इस्तेमाल कर सकते हैं। एलोवेरा में विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो बालों को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। अगर आपके बाल रूखे और ड्राई हैं, तो एलोवेरा जेल का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है। यह बालों को शाइनी बनाने में मदद करता है। इसके अलावा गर्मियों में स्कैल्प में होने वाली खुजली से भी राहत मिल सकती है।
हेयर जेल बनाने के लिए आपको ताजा एलोवेरा का पत्ता, 1 चम्मच तेल और 2-3 बूंद विटामिन ई कैप्सूल की जरूरत होगी। हेयर जेल बनाने के लिए आप सबसे पहले ताजे एलोवेरा के पत्ते से जेल निकाल लें। इसके बाद एलोवेरा जेल को मिक्सर में करीब 10 सेकंड तक चलाकर स्मूथ पेस्ट बना लें। अब इसमें 1 चम्मच तेल और विटामिन ई कैप्सूल की 2-3 बूंदें मिलाएं। बालों को स्टाइल देने के लिए इस जेल को हथेली पर लें और सूखे बालों में लगाएं। इसके बाद आप अपनी पसंद का हेयर स्टाइल बना सकते हैं। आप इस जेल को कांच की बोतल में भरकर फ्रिज में रख सकते हैं। इसे 1 से 2 हफ्ते तक इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर जेल के रंग या खुशबू में बदलाव नजर आए, तो नया जेल बनाकर इस्तेमाल करें।