Skin Care Tips: हर महिला चाहती है कि उसकी स्किन ग्लो करे और वह खूबसूरत दिखे। वहीं, धूल-मिट्टी और प्रदूषण की वजह से चेहरे पर थकान दिखाई देने लगती है। ऐसे में कई बार स्किन प्रोडक्ट्स के सेल्स जमा हो जाते हैं, जिस वजह से चेहरा डल दिखने लगता है। आपको बता दें कि हफ्ते में दो बार चेहरे को एक्सफोलिएट करना जरूरी होता है। इससे डेड स्किन हटती है और त्वचा गहराई से साफ होती है। वहीं, चेहरे पर ग्लो भी नजर आता है। आप स्क्रब फेस मार्केट में आसानी से खरीद सकते हैं, लेकिन आपको बता दें कि आप घर पर मौजूद चीजों से भी नेचुरल फेस स्क्रब बना सकते हैं, जिसके कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होते हैं। तो आज हम आपको इस लेख में घर पर स्क्रब करने के बारे में बताएंगे।
ऑयली स्किन के लिए स्क्रब
ऑयली या पिंपल वाली स्किन के लिए दही, हल्दी और बेसन का स्क्रब बहुत फायदेमंद होता है। इसके लिए आप एक चम्मच दही, एक चम्मच बेसन और दो चुटकी हल्दी मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसके बाद इसे आप चेहरे पर 10 मिनट के लिए लगा लें। फिर स्क्रब करते हुए इसे पानी की मदद से हटा दें।
ड्राई स्किन के लिए स्क्रब
अगर आपकी स्किन ड्राई है, तो इसके लिए आप केला और कॉफी का स्क्रब बना सकते हैं। इसके लिए एक पके हुए केले में दो चम्मच कॉफी और एक चम्मच शहद डालकर अच्छे से मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। इसके बाद इसे आप चेहरे पर हल्के हाथों से दो से तीन मिनट तक मसाज करते हुए लगाएं और 20 मिनट तक इसे ऐसे ही रहने दें। समय पूरा होने के बाद गुनगुने पानी से चेहरा धोकर साफ करें।
अगर आप हल्का स्क्रब करना चाहते हैं, तो इसके लिए आप दही और ओट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप दो चम्मच ओट्स में एक चम्मच दही मिलाकर पेस्ट तैयार करें और फिर चेहरे पर कुछ मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें। इसके बाद गुनगुने पानी से चेहरा धो लें।
ध्यान रखें कि स्क्रब करने से पहले चेहरे को फेस वॉश से अच्छी तरह साफ कर लें। स्क्रब हमेशा हल्के हाथों से करें। ज्यादा रगड़ने से चेहरे पर जलन होने लगती है और कई बार पिंपल्स की समस्या भी हो सकती है। हफ्ते में 1 से 2 बार स्क्रब करना काफी होता है। इसे हर रोज न करें। स्क्रब करने के बाद मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं, ताकि चेहरे पर नमी बनी रहे।