Rajasthan Government Exam: राजस्थान में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। शिक्षा विभाग ने बेसिक और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती की अभ्यर्थना राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को भेज दी है। विभागीय परीक्षण पूरा होते ही इसी महीने आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं 900 पदों पर होने वाली पीटीआई भर्ती की अभ्यर्थना भी जल्द बोर्ड को भेजी जाएगी।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि विभाग की मई रिपोर्ट के अनुसार चयन बोर्ड कुल 4615 पदों पर भर्ती करेगा। इनमें 3415 पद बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक, 300 पद वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक और 900 पद शारीरिक शिक्षा अध्यापक (पीटीआई) के हैं।

भर्ती कार्यक्रम के अनुसार वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती के लिए 300 पदों पर परीक्षा 22 अगस्त को आयोजित की जाएगी। वहीं बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक के 3415 पदों के लिए परीक्षा 23 अगस्त को होगी। इसके अलावा 900 पदों वाली पीटीआई भर्ती परीक्षा 13 सितंबर को आयोजित किए जाने की घोषणा की गई है।
बोर्ड पहले ही तीनों भर्तियों की प्रस्तावित परीक्षा तिथियां जारी कर चुका है, ताकि अभ्यर्थी तैयारी जारी रख सकें। वहीं, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने कहा कि बेसिक और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती की अभ्यर्थना मिल चुकी है और परीक्षण चल रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो इसी महीने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।