Sweet Dish:रक्षाबंधन के मौके पर ज्यादातर लोग मिठाई खरीदकर लाते हैं। लेकिन ऐसे में अगर आप अपने भाई का मुंह मीठा करना चाहती हैं, तो इस बार मिठाइयों की बजाय अपने हाथों से शाही फिरनी बनाकर खिला सकती हैं। यह आपके भाई को बहुत ही ज्यादा पसंद आएगी, क्योंकि यह खाने में बहुत ही लाजवाब होती है। इसे आप ठंडा करके मिट्टी के कुल्हड़ में भी करके दे सकती हैं। ऐसा करने से इसका स्वाद दोगुना हो जाता है। इस बीच आपकी मदद के लिए हम आपके साथ शाही फिरनी बनाने की आसान रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी।
सामग्री:
दूध - 1 लीटर
चावल - 1 कप
चीनी - आधा कप
इलायची पाउडर - आधा चम्मच
केसर के धागे - 10
बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स
गुलाब जल - 1 छोटा चम्मच
विधि:
- इसे बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छे से धोकर 30 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रख दें।
- इसके बाद पानी निकालकर चावल को दरदरा पीस लें। एक बर्तन में दूध डालें और फिर उसे एक उबाल आने के बाद गैस धीमी कर दें।
- इसे 15 मिनट के लिए धीमी आंच पर पकने दें। फिर उबलते हुए दूध में दरदरे पिसे हुए चावल डालें और इसे लगातार चलाते रहें, ताकि इसमें गांठें न पड़ें।
- फिर जब फिरनी गाढ़ी हो जाए, तब इसमें चीनी और ड्राई फ्रूट्स डालकर मिला दें। इसे कुछ देर के लिए पकने दें।
- इसके बाद इसमें गुलाब जल डालें और फिर गैस बंद कर दें। फिरनी को ठंडा होने के बाद मिट्टी के कुल्हड़ या किसी बर्तन में निकालकर ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करें।
- इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें और फिर भाई को ठंडी-ठंडी शाही फिरनी सर्व करें।